Tuesday, March 3, 2026
Homeव्यापारकच्चे तेल की कीमत में फिर आई तेजी

कच्चे तेल की कीमत में फिर आई तेजी

नई दिल्ली (हि.स.)। करीब एक हफ्ते की राहत के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल (कच्चा तेल) एक बार फिर ऊंचाई की ओर बढ़ने लगा है। पिछले कारोबारी सत्र में कच्चे तेल की कीमत में 1.01 फीसदी से लेकर 1.26 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। भारत के लिए ये खबर चिंताजनक है, क्योंकि भारत अपनी पेट्रोलियम जरूरत का 80 फीसदी आयातित कच्चे तेल से ही पूरा करता है।

बताया जा रहा है कि कच्चे तेल की मांग में तेजी के कारण पिछले कारोबारी सत्र की शुरुआत में ही अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड (डब्ल्यूटीआई क्रूड) 1.2 6 फीसदी की तेजी के साथ 67.32 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह ब्रेंट क्रूड की कीमत में भी 1.01 फीसदी की तेजी आई। इस कारण ब्रेंट क्रूड तेज होकर 69.74 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया।

पूरे कारोबारी सत्र में कच्चे तेल की मांग में तेजी बनी रही, जिसके कारण सत्र की समाप्ति पर डब्ल्यूटीआई क्रूड दिनभर के कारोबार में ही 0.97 डॉलर की तेजी के साथ 68.29 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह ब्रेंट क्रूड दिनभर के कारोबार में 0.89 डॉलर प्रति बैरल की तेजी के साथ 70.63 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ। बता दें कि कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी की सबसे बड़ी वजह भारत की ओर से कच्चे तेल का किया गया बड़ा सौदा रहा। पिछले एक सप्ताह के दौरान कच्चे तेल की कीमत में लगभग 4 फ़ीसदी की गिरावट आने के बाद पिछले कारोबारी सत्र के भारत की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का बड़ा सौदा किया। इसकी वजह से भारतीय सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का सौदा तो कम कीमत पर हो गया, लेकिन मांग बढ़ जाने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में तेजी आ गई।

माना जा रहा है कि कच्चे तेल की कीमत में इस सप्ताह भी लगातार उतार-चढ़ाव बना रह सकता है, जिससे कच्चे तेल के आयात पर ज्यादा निर्भर करने वाले भारत जैसे देशों को परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है।

भारत के लिहाज से राहत की बात ये रही कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने के बावजूद लगातार 25वें दिन भी भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया। आज दिल्ली में पेट्रोल 101.84 रुपये और डीजल 89.87 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर बिक रहा है। इसी तरह मुंबई में पेट्रोल 107.83 रुपये और डीजल 97.45 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular