वाराणसी (हि.स.)। वाराणसी कचहरी बम ब्लास्ट की 14वीं बरसी पर मंगलवार को अधिवक्ताओं ने मारे गये साथियों को याद कर घटनास्थल पर कैंडल जलाकर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। अधिवक्ताओं ने मुख्य अभियुक्तों को आज तक पकड़े न जाने पर नाराजगी भी जताई।
बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अधिवक्ता नित्यानंद राय ने बताया कि दीवानी और कलेक्ट्रेट परिसर में सीरियल ब्लास्ट हुआ था। उसके गुनहगार आज तक पकड़े नहीं गए। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को कई बार पत्र लिखा गया कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि कचहरी बम ब्लास्ट की सीबीआई जांच के लिये राष्ट्रपति, भारत के मुख्य न्यायाधीश, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड डाक से पत्र भेजा गया है। अधिवक्ता ने कहा कि बनारस कचहरी ने आज से 14 साल पहले जो मंजर आज के दिन देखा था। उसे याद करके लोग सिहर जाते हैं। मगर प्रदेश की पुलिस और एटीएस इस भयानक बम विस्फोट के गुनहगारों को सीखचों के पीछे करने में असफल रही है। श्रद्धांजलि देने वालों में अधिवक्ता रंजन मिश्र, विनीत सिंह, मनीष राय, नृपेंद्र सिंह , अरविंद पांडेय, विकास सिंह, अशोक उपाध्याय, विनोद पांडेय, आदि शामिल रहे।
