हाथरस (हि. स.)। सरकारी विभागों में कितना काम होता है, ये किसी से छूपा नहीं है। सरकार के कर्मचारियों की हद तो तब हो गई जब जनता की सुविधाओं के लिए बनाये गए सरकारी वेबसाइट को उनके द्वारा अपडेट नहीं किया गया। कई अधिकारी बदले गए, लेकिन बड़े अधिकारियों के नाम को छोड़ दें तो अन्य अधिकारियों के नाम का डाटा सालों से अपडेट नहीं किया गया है।
हाथरस की सरकारी वेबसाइट पर आज भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी के पद पर ब्रजेश राठौर को दिखाया जा रहा है। राठौर के बाद दो मुख्य चिकित्सा अधिकारी बदले जा चुके हैं। ऐसे ही कई पुराने डाटा के साथ हाथरस की आधिकारिक वेबसाइट में कई रिकॉर्ड कई सालों से अपडेट नहीं हुए हैं।
हर जिले की एक आधिकारिक वेबसाइट होती है, जो एनआईसी के द्वारा संचालित होती है। इसमें जिले में तैनात विभिन्न विभागों अधिकारियों के नाम, फोटो, मोबाइल नम्बर आदि की जानकारी होती है। हाथरस जिले की सरकारी वेबसाइट है। हाथरस के इतिहास, तैनात अधिकारियों के साथ अन्य जानकारी प्रदर्शित होती है।
सरकारी वेबसाइट नहीं है अपडेट
हाथरस डॉट एनआईसी डॉट इन सरकारी वेबसाइट है। अभी तक अपडेट नहीं है। वेबसाइट पर जिले के बड़े अधिकारियों के नाम अपडेटेड हैं। डिपार्टमेंट सेक्शन में जाकर देखें तो यहां स्वास्थ्य, शिक्षा सेक्शन में अधिकारियों के नाम अपडेटेड नहीं है। यहां प्रदर्शित डाटा सालों पुराने हैं।
सरकारी वेबसाइट में ये हैं गड़बड़ियां
हाथरस की सरकारी वेबसाइट को देखकर ऐसा लगता है कि केवल जिलाधिकारी आदि बड़े अधिकारियों का तो रिकॉर्ड अपडेट रखा गया है, पर अन्य अधिकारियों के नाम वेबसाइट पर अपडेट नहीं किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभी भी डॉ. ब्रजेश राठौर का नाम दर्ज है। उनके जाने के बाद दो और अधिकारी बदले जा चुके हैं। वर्तमान में डॉ. मंजीत सिंह मुख्य चिकित्सा अधिकारी हैं।
शिक्षा विभाग में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) का नाम वेबसाइट पर सुनील कुमार प्रदर्शित हो रहा है जबकि वह अब तैनात नहीं हैं। इस समय ऋतु गोयल डीआईओएस हैं। वेबसाइट पर बीएसए का नाम हरिश्चंद्र प्रदर्शित हो रहा है लेकिन वह भी जिले में तैनात नहीं हैं। इस समय जिले के बीएसए संदीप कुमार हैं।
लकी
