Tuesday, March 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशऔरैया : लगातार हो रही बारिश से बुंदेलखंड को नेशनल हाईवे से...

औरैया : लगातार हो रही बारिश से बुंदेलखंड को नेशनल हाईवे से जोड़ने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त

औरैया (हि.स.)। जनपद में बीते पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश से चारों तरफ पानी ही पानी दिखाई देने लगा है। खेत-खलिहान से लेकर मोहल्ले की गलियां पानी से सराबोर हैं। वहीं, दो राज्यों को जोड़ने वाला मार्ग भी बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और आने-जाने वाले वाहनों को निकलने में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

जनपद के भीखेपुर मार्ग से होते हुए जूहीखा पुल पार करते ही गैर जनपद की सीमा शुरू हो जाती है। उसके उपरांत यहीं से मध्य प्रदेश जाने का भी रास्ता है। यह रास्ता काफी छोटा होने के चलते इस पर भारी मात्रा में वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। यह मार्ग औरैया, इटावा एवं जनपद जालौन की सीमाओं को जोड़ता है, जिससे यहां से प्रतिदिन छोटे एवं बड़े वाहन भारी मात्रा में गुजरते हैं। यही नहीं यह मार्ग मध्य प्रदेश को भी जाता है इसलिए इस मार्ग का काफी महत्व है। बीते पांच दिनों से लगातार हो रही बारिश ने इस मार्ग को क्षतिग्रस्त कर दिया है। चयन गनपुर के समीप भारी बारिश के चलते सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह से कट गया है। एक बड़ा सा गड्ढा हो गया है, जिसे शीघ्र दुरुस्त न कराया गया तो वहां कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका है।

ग्रामीण सुरेश कुमार, रमेश चंद्र, अहिबारन सिंह, जगराम, शैलेंद्र मोहन आदि लोगों ने जिला प्रशासन से इस मार्ग के दुरुस्तीकरण कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां रात दिन वाहन गुजरते हैं कभी भी बारिश से कटे हुए गड्ढे से हादसा हो सकता है। इसलिए इसे दुरुस्त कराया जाना अति आवश्यक है। फिलहाल अब तक कोई भी अधिकारी इस कटे मार्ग को देखने के लिए नहीं गया है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

RELATED ARTICLES

Most Popular