औरैया(हि.स.)। सदर ब्लॉक के ऐमा सेंगनपुर में ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव में आपसी मतभेद का खामियाजा राहगीरों व दुकानदारों को भुगतना पड़ रहा है। टेम्पो स्टैंड के पास का हैंडपंप करीब 15 दिनों से खराब होने से राहगीरों और दुकानदार परेशान हैं। टेम्पो स्टैंड के आस-पास नल ना होने से लोगों के सामने चिलचिलाती गर्मी में प्यास बुझाने का संकट है।
कस्बा ऐमा सेंगनपुर में टेम्पो स्टैंड के पास का हैंडपंप 15 दिनों से खराब पड़ा है। और टेम्पो स्टैंड के 800 मीटर आसपास हैंडपंप ना होने की वजह से राहगीर व दुकानदार चिलचिलाती गर्मी में प्यास बुझाने के लिए पानी खरीद कर पी रहे हैं। दुकानदारों ने ग्राम प्रधान इरफान व पंचायत सचिव दिव्या दुबे से हैंडपंप सही करवाने को कहा तो दोनों ने एक दूसरे पर पल्ला झाड़ कर किनारा कर लिया।
दुकानदार पूरन दुबे, सर्वेश प्रजापति, रामकांत शर्मा, शंकर दीक्षित, रामू दीक्षित, देवेंद्र त्रिपाठी, परम सेंगर आदि का कहना है कि यदि हैंडपंप दो दिनों में सही नहीं हुआ तो वे रोड जाम कर विरोध करेंगे।
आठ साल से खराब पानी की टंकी
कस्बे में हर घर तक पानी पहुंचाने के लिए 2014 में तीन पानी की टंकी बनवाई गई। जिसमें एक टंकी चालू होने के कुछ दिन बाद ही खराब हो गई। ग्रामीण प्रति वर्ष पानी की टंकी को सही कराने की मांग करते आ रहे हैं। दो ग्राम प्रधान भी बदल चुके लेकिन टंकी सही नहीं कराई गई। जिससे करीब 600 लोगों की आबादी को पीने के पानी के लिए हर रोज समस्या का सामना कर रहे हैं।
बोले जिम्मेदार
बीडीओ सर्वेश कुमार ने बताया कि हैंडपंप के खराब होने की जानकारी मिली है।सोमवार शाम तक हैंडपंप सही करा दिया जाएगा। वहीं पानी की टंकी के खराब होने की जानकारी नहीं है। जांच करवाकर जल्द ही सही करवाई जाएगी।
सुनील
