औरैया (हि. स.)। जनपद के बेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जीवा सिरसानी के तीन दिन पूर्व लापता हुए युवक का शव नारायनपुर के निकट एक बाग में पेड़ से लटकता हुआ शव मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जीवा सिरसानी के शिशुपाल सिंह उर्फ गुड्डू का बेटा अभय प्रताप सिंह उर्फ गोलू उम्र करीब 24 वर्ष विगत 13 दिसम्बर से अचानक गायब हो गया था। दुखी पिता व परिजनों ने बेटे के तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष पप्पू सिंह को बेटे के गायब होेने की तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने स्टाफ के साथ गुमशुदा युवक की खोजबीन प्रारंभ की। इस बीच बुधवार को परिजनों को गुमशुदा बेटे का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। जानकारी के आधार पर ग्राम नारायनपुर के दक्षिण में स्थित बाग में एक सूखे पेड़ से लटक रहे शव की शिनाख्त करने पहुंचे और बेटा का शव देख होश उड़ गए। मृतक की पत्नी प्रियंका व मां बेटे का शव देख बेहाल हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष पप्पू सिंह ने हमराही पुलिस बल व उप निरीक्षक सहार प्रदीप अवस्थी व फॉरेंसिक टीम के आनंद सिंह, इरशाद अली, आदेश कुमार आदि के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। जानकारी पाकर ग्राम पंचायत शहबाजपुर के पूर्व प्रधान योगेश तिवारी सहित आसपास ग्रामों के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने युवक का शव पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल औरैया भिजवाया। इस संबंध में पूर्व प्रधान योगेश तिवारी, डॉ. विनोद तिवारी, जीवा सिरसानी के ग्रामीण हुकुम सिंह, रमेश चन्द्र, कल्लू आदि ने बताया कि मृतक युवक बहुत सीधे स्वभाव का था। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं और जांच के बाद ही कारण का पता चल सकेगा।
औरैया : तीन दिन पूर्व गायब हुए युवक का शव पेड़ से लटकता मिला
RELATED ARTICLES
