औरैया, (हि.स.)। मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से स्वीप प्रभारी डिप्टी कलेक्टर रमेश यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को शहर में व्यापारी नेताओं और समाज सेवियों ने एक रैली निकाली। नगर पालिका इंटर कॉलेज से शुरू हुई यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई जिला अस्पताल तक पहुंची जहां डिप्टी कलेक्टर रमेश यादव ने शहरवासियों से आगामी बीस फरवरी 2022 को होने वाले विधान सभा के तीसरे चरण में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।
शत प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक करते हुए डिप्टी कलेक्टर रमेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान उतना ही आवश्यक है जितना जीवन के लिए भोजन। इसलिए लोगों को चाहिए कि वह आने वाले 20 फरवरी को अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर जमकर मतदान कर जनपद के नाम सर्वाधिक मतदान वाले जनपदों में सबसे आगे रखें। उन्होंने कहा कि औरैया के लोग अत्यंत जागरूक हैं। यहां शिक्षा का स्तर भी प्रदेश में अग्रणी है।
इसी प्रकार सर्वाधिक मतदान कर हमें औरैया को सबसे ऊपर रखना है। शहर के कांशीराम कॉलोनी में भी एक गोष्ठी कर मतदाताओं को जागरूक कर उन्हें मतदान करने की शपथ दिलाई गई। रैली में जिला विद्यालय निरीक्षक, स्वीप कोर कमेटी सदस्य सुरेश मिश्रा, समाजसेवी नीरज चौधरी, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश उर्फ बबलू बाजपेयी नगर पालिका इंटर कॉलेज के शिक्षक सहित कई लोग शामिल हुए।
सुनील
