Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशऔरैया : जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने किया बाढ़ प्रभावित्र क्षेत्र...

औरैया : जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने किया बाढ़ प्रभावित्र क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण

औरैया (हि.स.)। नगर के गेल कंप्रेशर में शुक्रवार को उप्र सरकार के जल शक्ति विभाग सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग मंत्री डाॅ महेंद्र सिंह ने कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत की उपस्थिति में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि जनपद औरैया में प्रवाहित यमुना नदी में पचनद पर मिलने वाली चम्बल, सिन्धु एवं क्वारी नदी में अत्यधिक पानी प्रवाहित होने के कारण जनपद में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है।

जनपद में यमुना नदी का चेतावनी बिन्दु 112.00 मीटर तथा खतरे का बिन्दु 113.00 मीटर है। शुक्रवार को यमुना नदी का जलस्तर खतरे के बिन्दु से 5.410 मीटर अधिक अर्थात 118.410 मीटर है। वर्तमान में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। वही बताया कि बाढ़ से तहसील औरैया के कुल 5 प्रभावित ग्रामों में से 3 ग्राम क्योंटरा, अस्ता, मई (नौरी) अत्यधिक प्रभावित हैं। तहसील अजीतमल के कुल 19 प्रभावित ग्रामों में से 09 ग्राम सिकरोड़ी, बडेरा, जूहीखां, फरिहा, बीझलपुर, गूंज, जाजपुर व गौहानी कलां अत्यधिक प्रभावित हैं।

बाढ़ से तहसील औरैया के 224 एवं तहसील अजीतमल के कुल 1050 परिवार इस प्रकार जनपद में कुल 1274 परिवार प्रभावित हुए हैं, जिनमें से तहसील औरैया के 224 परिवार एवं तहसील अजीतमल में 396 परिवारों को कुल 620 परिवारों को सुरक्षित स्थानों (आश्रय स्थलों) पर भेजा गया है।

तहसील औरैया में 44 वोट एवं 44 गोताखोर तथा तहसील अजीतमल में 24 वोट एवं 30 गोताखोर इस प्रकार कुल 68 वोट एवं 74 गोताखोर जनपद में उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग बाढ़ सहायता में किया जा रहा है। तहसील औरैया 03 बाढ़ चौकियां एवं तहसील अजीतमल में 07 बाढ़ चौकियां कुल 10 बाढ़ चौकियां संचालित हैं।

तहसील औरैया में 224 परिवारों को राहत किट (राहत किट में लाई, चना, बिस्किट, मोमबत्ती एवं माचिस आदि) एवं 600 लंच पैकेट वितरित किये गये है तथा तहसील अजीतमल में 480 परिवारों को राहत किट एवं 800 लंच पैकेट वितरित किये गये हैं। इस प्रकार जनपद में कुल 704 परिवारों को राहत किट एवं 1400 लंच पैकेट वितरण किये गये हैं।

वही बताया कि चिकित्सा विभाग द्वारा उपरोक्त सभी ग्रामों में मेडिकल टीम भेजी गयी हैं, जो प्रभावित लोगों का चिकित्सीय परीक्षण कर दवाएं आदि वितरित कर रही है। तहसील औरैया में 02 एम्बुलेंस एवं तहसील अजीतमल में 03 एम्बुलेंस भी अकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैनात करा दी गई है। विभाग द्वारा परिवारों को क्लोरीन की टेबलेट भी वितरित की जा रही हैं।

पशु चिकित्साधिकारी द्वारा पशुओं का चिकित्सीय परीक्षण कर उनकी देखभाल की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार पशुओं को दवाएं वितरित की जा रही है। जिला पंचायतराज अधिकारी द्वारा ग्राम साफ सफाई, चूना डालने आदि के लिए सफाई कर्मचारियों की तैनाती कर साफ-सफाई नियमित रूप से कराई जा रही है।

बाढ़ प्रभावित ग्राम में राहत बचाव कार्य कार्य की देख रेख के लिए मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। तहसील अजीतमल में 20 सदस्यीय एसडीआरएफ की टीम आ गई है, जो दो टुकड़ियों में बचाव कार्य प्रारम्भ कर दिया है। इसके अतिरिक्त एनडीआरएफ की टीम जनपद इटावा में “स्टैण्ड बाई मोड” में है, जो आवश्यकता होने पर तत्काल उपलब्ध रहेगी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी औरेया सूनील कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान, सीएमओ डाॅ0 अर्चना श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे, बिधूना विधायक प्रतिनिधि देवेश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राम मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहें। इससे पूर्व उन्हें गार्ड आनर दिया गया व हैलीपैड पर कृषि राज्यमंत्री सहित अन्य लोगों ने बुके भेटकर स्वागत किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular