Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशओवरलोडिंग पर लगाएंगे रोक, सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम : दयाशंकर सिंह

ओवरलोडिंग पर लगाएंगे रोक, सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगी लगाम : दयाशंकर सिंह

-माघ मेला 2023 के लिए चलाई जाएंगी 2800 बसें

मीरजापुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को यहां पत्रकाराें से बातचीत करते हुए बताया कि माघ मेला 2023 के लिए 2800 बसें चलाई जाएंगी। सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों के साथ चर्चा की और कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

परिवहन मंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पांच जनवरी से चार फरवरी तक जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयाेजित किए जा रहे हैं। सड़क परिवहन, खनन व पुलिस विभाग मिलकर ओवरलोडिंग पर रोक लगाएंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाया जा सके। परिवहन मंत्री मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने विंध्याचल आए थे। मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने के बाद वह सोनभद्र के लिए रवाना हो गए। वह सोनभद्र के राबर्ट्सगंज में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

हर जिले से चलेगी राजधानी सेवा

बस यात्रा को और बेहतरीन बनाने के लिए जल्द ही कई नई योजनाएं क्रियान्वित की जाएंगी। नई योजना के तहत राजधानी सेवा हर जिले से चलेगी। यह सुपरफास्ट होगी। इस नॉनस्टाप बस का किराया 10 प्रतिशत ज्यादा लगेगा लेकिन लखनऊ का सफर काफी आसान हो जाएगा। प्रदेश के किसी भी जिले के लोग आसानी से राजधानी लखनऊ पहुंच सकेंगे। उसी दिन वापस भी हो सकेंगे। इससे समय की काफी बचत होगी। यही नहीं, प्रदेश के हर जिले काे राजधानी दिल्ली से भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए दिल्ली राजधानी सेवा शुरू होगी।

दो शहरों को आपस में जोड़ेगी अटल सेवा

सरकार की एक नई योजना अटल सेवा है। यह दो शहरों को आपस में जोड़ेगी। वहीं इसी तरह ग्रामीण सेवा के लिए भी अलग से व्यवस्था बनाई जाएगी। यह कम दूरी की होगी और किराया भी कम होगा।

गिरजा शंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular