Sunday, March 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशओवरटेक करने को लेकर भिड़े हरियाणा-उप्र के कांवड़िये, सेना के जवान की...

ओवरटेक करने को लेकर भिड़े हरियाणा-उप्र के कांवड़िये, सेना के जवान की हत्या

मेरठ (हि.स.)। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे वाहनों को ओवरटेक करने को लेकर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कांवड़िये आपस में भिड़ गए। इस दौरान मुजफ्फरनगर के सिसौली गांव निवासी युवक की मौत हो गई। यह युवक सेना में जवान था। इसके बाद सिसौली के युवकों ने पीछा करके हरियाणा के कांवड़ियों को पकड़ लिया और उनके वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने हरियाणा के कांवड़ियों को गिरफ्तार कर लिया।

मुजफ्फरनगर जनपद के भौराकलां थाना क्षेत्र के सिसौली निवासी कई युवक डीसीएम में सवार होकर हरिद्वार डाक कांवड लेने गए थे। मंगलवार सुबह को वे हरिद्वार से डाक कांवड लेकर वापस लौट रहे थे। रूड़की से निकलने के बाद जैसे ही ये लोग मंगलौर के पास पहुंचे तो हरियाणा राज्य के पानीपत जनपद के चुलकाना गांव निवासी डीसीएम सवार डाक कावंड़ियों से ओवरटेक करने को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। इस पर हरियाणा के कांवड़ियों ने लाठी-डंडों और धारधार हथियारों से मुजफ्फरनगर के कांवड़ियों पर हमला कर दिया। जिससे सिर में डंडा लगने से कार्तिक पुत्र योगेंद्र निवासी सिसौली की मौत हो गई। कार्तिक सेना का जवान था। जबकि कई कांवड़िये घायल हो गए। इसके बाद हरियाणा के कांवड़िये डीसीएम में सवार होकर वहां से भागने लगे। सिसौली के कांवड़ियों ने अपने वाहनों से उनका पीछा शुरू कर दिया और मुजफ्फरनगर जनपद में बरला राजवाहे के पास उन्हें घेर लिया। इस दौरान दोनों पक्षों में लाठी-डंडों और धारधार हथियारों से जमकर मारपीट हुई।

इस दौरान हरियाणा के कांवड़ियों की डीसीएम के शीशे टूट गए। सिसौली के कांवड़ियों ने डीसीएम में आग लगाने का भी प्रयास किया। सूचना पर सीओ सदर हेमंत कुमार भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र कांवड़ियों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस ने घायल कांवड़ियों विक्रांत, शोकेंद्र, विक्की, सन्नी निवासी सिसौली को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने मौके से हरियाणा के चुलकाना निवासी सचिन पुत्र महीपाल, पंकज पुत्र मैनपाल, सुंदर पुर रामभोज, टिंकू पुत्र रमेश, गोलू उर्फ राहुल पुत्र पहल सिंह, आकाश पुत्र बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पीड़ित विक्रांत ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। उत्तराखंड पुलिस भी छपार थाने पहुंची और आरोपितों से पूछताछ की।

कुलदीप

आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular