फर्रुखाबाद(हि. स.)। राजेपुर थाना क्षेत्र में रविवार को सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी व सपा के चल रहे कश्यप अधिकार सम्मेलन में अचानक मच गिर गया। जिससे कई नेता चुटहिल हो गये। बाद में सभी नेताओं को मंच से नीचे उतार दिया गया। केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने मंच से भाषण दिया।
क्षेत्र के ग्राम मोहद्दीनपुर में कश्यप सम्मेलन का आयोजन किया गया । इस सम्मेलन में बनाये गए मंच पर कई नेता बिना बुलाये ही आ धमके। भीड़ अधिक होनें से अधिक वजन के चलते मंच अचानक भरभरा कर गिर गया। जिससे मंचासीन सपा जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारुखी, अरशद जमाल सिद्दीकी, पूर्व विधायक अजीत कठेरिया, सुबोध यादव, महेंद्र सिंह कटियार आदि गिर गये। मंच टूटते ही भगदड़ मच गयी। कई नेताओं के चोट भी लगी। बाद में सभी नेताओं को मंच से नीचे उतार दिया गया। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का भाषण हुआ। इस दौरान सपा के पूर्व प्रदेश महासचिव यूनुस अंसारी से ओमप्रकाश राज भर ने विशेष मशविरा किया।
