Friday, January 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशओम नमः शिवाय आश्रम में धूमधाम से मना दीपावली

ओम नमः शिवाय आश्रम में धूमधाम से मना दीपावली

-भगवान राम के अयोध्या लौटने पर हुआ भव्य स्वागत, जले लाखों दीप

प्रयागराज(हि.स.)। ओम नमः शिवाय प्रयागराज के बलुआघाट स्थित आश्रम में दीप पर्व दीपावली धूमधाम से गुरुवार को मनाया गया। इस दौरान भगवान श्री रामचंद्र के लंका से अयोध्या आने पर नगरवासियों ने भव्य स्वागत किया और खुशी में लाखों दीप जलाए। आश्रम प्रांगण में भगवान श्री रामचंद्र की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान उनके साथ माता जानकी और छोटे भाई लक्ष्मण भी थे।

शोभायात्रा आश्रम के प्रांगण में होते हुए मुख्य सभागार में पहुंची जहां हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और उनका विधि विधान से पूजन किया। गुरुदेव ने श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म का सबसे सबसे प्रमुख और सबसे शुभ दिन आज है। इस दिन हमारे भगवान श्री रामचंद्र, माता जानकी और लक्ष्मण के साथ आसुरी शक्तियों का विनाश करके अयोध्या लौटे हैं। ऐसे में हम सभी को इनका बारम्बार प्रणाम करते हुए धन्यवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन आसुरी शक्तियों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था और लोग परेशान हो गए थे। उन आसुरी शक्तियों के विनाश के लिए प्रभु मानव स्वरूप में अवतरित हुए।

कहा कि धर्म सबसे प्रमुख होता है। आदमी के साथ अंत समय में उसका धर्म और कर्म ही जाता है। ऐसे में सभी लोग अच्छा कर्म करें जिससे उनका धर्म और आने वाला समय सुखद और अच्छा हो। गुरुदेव ने भगवान श्री रामचंद्र द्वारा वन में किए गए कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान रामचंद्र ने मानव के लिए जो भी काम किया वह सनातन धर्म की और लोगों की भलाई के लिए था। अंत में विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular