– आज पिछड़ों का आरक्षण छीना है, कल दलितों की होेगी बारी
– सपा की उप्र में सरकार बनी तो तीन माह में होगी जातीय जनगणना
लखनऊ (हि.स.)। “भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का पिछड़ों के प्रति सौतेला व्यवहार रहा है। भाजपा ओबीसी आरक्षण खत्म करने का षड़यंत्र कर रही है। आज पिछड़ों का आरक्षण छीना है, कल दलितों की बारी हो सकती है।” यह बड़ा जुबानी हमला समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा पर बोला है।
उन्होंने लखनऊ के पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉफ्रेंस करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि ओबीसी आरक्षण खत्म कर ओबीसी की आने वाली नस्लों को गुलाम बनाने की साजिश चल रही है। भाजपा सरकार पिछड़ों को हिस्सेदारी नहीं देती है। बीजेपी जब तक सरकार में है, इनके अधिकार सुरक्षित नहीं हैं।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हाल के चुनाव से सरकार डरी हुई है। भाजपा समय-समय पर पिछड़ों का वोट चाहती है लेकिन सत्ता में उन्हें भागीदारी नहीं देना चाहती है। सरकार ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग समाप्त कर दिया है। भाजपा केवल ओबीसी और दलितों का वोट तो लेती है, लेकिन भागीदारी की बात आने पर उन्हें भागीदारी नहीं देना चाहती है।
अखिलेश ने कहा कि “उप्र और केंद्र में बनी भाजपा सरकार पिछड़ों के वोटों से बनी हुई सरकार है। इन दोनों ही सरकारों में पिछड़ों के लिए कोई जगह नहीं है। कहीं न कहीं साजिश कर इस कगार पर पहुंचा दिया है कि रिजर्वेशन के लिए रिवोल्यूशन हो जाए। हमारा मानना है कि भाजपा जब तक सरकार में है, पिछड़ों का अधिकार सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने दोबारा कहा कि “आज पिछड़ों का छीना है और कल दलितों का भी छीनेंगे।
सरकार ओबीसी मामले में बुलाए सदन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगे कहा कि ओबीसी आरक्षण मामले में आरक्षण मामले में सदन बुलाना चाहिए। सदन में ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर बहस हो और सरकार बताए ऐसा क्यों हुआ। अखिलेश ने प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर तीन माह में जातीय जनगणना कराने का दावा किया। उन्होंने भाजपा सरकार के लिए तंज कसा कि एक वीसी की जांच चल रही, क्या बुलडोजर चलेगा।
अयोध्या जाएंगे अखिलेश
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अयोध्या में व्यापारी बहुत परेशान हैं। जिनके घरों, दुकानों को गिराया उन्हें मुआवजा मिले। सरकार पीड़ित व्यापारियों की मदद करें। उन्होंने कहा कि 27 जनवरी को अयोध्या जाएंगे।
मोहित वर्मा
