– भारत समेत 17 देशों की वायु सेनाएं ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में कर रही हैं एक्सरसाइज
– दक्षिण चीन सागर के पास चीन भी ताइवान की घेराबंदी करके कर रहा है युद्धाभ्यास
नई दिल्ली (हि.स.)। रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दौरान ऑस्ट्रेलिया के समुद्री इलाके में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े युद्धाभ्यास ‘पिच ब्लैक’ पर चीन समेत दुनियाभर की निगाहें टिकी हैं। ऑस्ट्रेलिया, भारत और अमेरिका समेत 17 देशों की वायु सेनाओं के बीच यह युद्ध अभ्यास ऐसे समय हो रहा है, जब ताइवान जलडमरूमध्य में चीन अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन कर रहा है तो अमेरिका का सातवां बेड़ा ताइवान पहुंच चुका है।
पिच ब्लैक’ युद्धाभ्यास ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में हो रहा है, जिसमें भारत, जर्मनी, फ्रांस, संयुक्त अरब अमीरात, मलेशिया, अमेरिका, न्यूजीलैंड, इंडोनेशिया, सिंगापुर, जापान, कोरिया गणराज्य, यूके, फिलीपींस, थाईलैंड, कनाडा और नीदरलैंड शामिल हैं। पहली बार जापान, जर्मनी और कोरिया गणराज्य इस एक्सरसाइज में भाग ले रहे हैं। रॉयल ऑस्ट्रेलियन वायु सेना के ब्रैडशॉ फील्ड ट्रेनिंग एरिया और डेलामेरे एयर वेपन्स रेंज पर आयोजित यह युद्धाभ्यास दुनिया के सबसे बड़े हवाई प्रशिक्षण में से एक है।
रॉयल ऑस्ट्रेलियन वायु सेना की ओर से यह एक्सरसाइज 19 अगस्त को तब शुरू हुई थी जब अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी ताइपे का दौरा कर लौटी थीं। आठ सितंबर तक चलने वाले युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसेना के बेड़े का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन वाईपीएस नेगी कर रहे हैं और इसमें 100 से अधिक वायुसैनिक शामिल हैं। इसके अलावा चार सुखोई-30 एमकेआई युद्धक विमान और दो सी-17 विमान भी इस युद्ध अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। इसमें 17 देशों के 100 से अधिक विमान और 2500 सैन्य कर्मी शामिल हैं।
ऑस्ट्रेलिया में हर दो साल में होने वाली इस एक्सरसाइज का मकसद युद्ध के लिए अपनी तैयारियों को परखना होता है। इस बार ये एक्सरसाइज दिन के अलावा रात में भी हो रही है। इस साल भाग लेने वाले कई देशों के बीच हवा से हवा में ईंधन भरने की क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। एक्सरसाइज के कमांडर एयर कमोडोर टिम अलसॉप ने कहा कि ‘पिच ब्लैक’ अभ्यास वायु सेनाओं के बीच साझेदारी को मजबूत करने और क्षेत्रीय स्थिरता को बढ़ावा देने का बेहतरीन मौका है। रॉयल ऑस्ट्रेलियन वायु सेना ने कहा कि इस एक्सरसाइज से पूरे भारत-प्रशांत क्षेत्र में वायु सेनाओं के संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।
इसी समय दक्षिण चीन सागर के पास चीन भी ताइवान को घेरकर अपनी एक्सरसाइज कर रहा है, ऐसे में चीन समेत दुनियाभर की निगाहें इस ‘पिच ब्लैक’ युद्धाभ्यास पर लगी हुई हैं। हालांकि यह पहले ही साफ़ किया जा चुका है कि इस एक्सरसाइज का चीन से कोई लेना-देना नहीं है। पिछला ‘पिच ब्लैक’ 2018 में आयोजित किया गया था। कोरोना के चलते साल 2020 में होना वाला ‘पिच ब्लैक’ रद्द कर दिया गया था। भारत ने पहली बार 2018 में जर्मनी, इंडोनेशिया, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, थाईलैंड, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ ‘पिच ब्लैक’ में भाग लिया था।
सुनीत/दधिबल
