कानपुर देहात (हि.स.)। रनियां थानाक्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में ऑयल बनाने वाली एक फैक्टरी धमाका हुआ। इसमें कई लोग घायल हो गए। दो लोगों के मौत की खबर भी आ रही है, लेकिन कोई अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।
रनियां थानाक्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया के पास वैभव एडबिल नाम की फैक्टरी में ऑयल बनाने का काम किया जाता है। गुरुवार की आधी रात को फैक्टरी में अचानक धमाका हो गया। जिसकी सूचना फैक्टरी मालिक ने न पुलिस को दी और न ही फायर ब्रिगेड को। किसी तरह जब शुक्रवार को इस घटना की जानकारी हुई तो पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान कई तरह की बातें सामने आई हैं। इसमें बताया गया कि फैक्टरी में खाना बनाने वाले सिलेंडर से आग लगी है, जबकि घायलों को इसकी जानकारी ही नहीं है। घटना में दो लोगों की मौत की खबर है, लेकिन खबर लिखे जाने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कानपुर देहात में हुए हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
अवनीश
