Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशऑपरेशन पाताल: 24 घंटे में दूसरी अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश, एक...

ऑपरेशन पाताल: 24 घंटे में दूसरी अवैध शस्त्र फैक्ट्री का पर्दाफाश, एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

– निर्मित 17 अवैध असलहे व बनाने वाले औजार व उपकरण बरामद

फ़तेहपुर (हि.स.)। जिले में बुधवार को अपराधियों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन पाताल अभियान के तहत पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दूसरी अवैध असलहा फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी मात्रा में असलहे, कारतूस व हथियार बनाने में प्रयुक्त होने वाले औजार बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है जबकि दूसरा तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने में कामयाब हो गया।

अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि बिंदकी थाना पुलिस प्रभारी निरीक्षक रवींद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि अवैध तमंचों की तस्करी करने वाला एक शातिर खजुहा कस्बे के निकट अमौली मोड़ पर खड़ा साधन का इंतज़ार कर रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना के आधार पर उक्त स्थान पर पहुंची पुलिस को देखकर शातिर भागने लगा। लेकिन पहले से मुश्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे घर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार 315 बोर के तमंचे और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने अवैध असलहा फैक्ट्री को संचालन करने में अपने एक सहयोगी रामू उर्फ रामबाबू पासवान निवासी अल्लीपुर बहेरा थाना सुल्तानपुर घोष को बताया था। निशानदेही पर एक बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास पहुंची पुलिस को देख कर वहां मौजूद बदमाश रामू ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर मौके से भाग खड़ा हुआ।

वहीं सुनसान जगह पर खंडहर में पुलिस को 12 बोर के नौ असलहे व एक 32 बोर के रिवाल्वर के साथ असलहा बनाने के अन्य उपकरण भी मिले हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी ने फ़तेहपुर और रायबरेली के अलावा अन्य पड़ोसी जनपदों में असलहों की तस्करी करना कबूल किया है। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पेशेवर अपराधी है। जिले समेत पड़ोसी जनपद रायबरेली में इसके खिलाफ एक दर्जन संगीन मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार किया गया आरोपी रामप्रताप विश्वकर्मा उर्फ लल्लू बाजपेई निवासी चौहन थाना हथगाम के रूप में अपनी पहचान बताई है। मौके से फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार कर अवैध तमंचा फैक्ट्री का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को एसपी राजेश कुमार सिंह ने दस हज़ार रुपये का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया है।

देवेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular