जौनपुर (हि.स.)। वीरबहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के ऑनलाइन क्लास के दौरान आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने पर एमबीए के दो छात्रों को 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया है। साथ ही यह चेतावनी भी दी गई है कि भविष्य में वह इस तरह की गलती करते हैं तो उनके प्रवेश प्रक्रिया के निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा सकती है। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने कार्रवाई से कुलपति और कुलसचिव को अवगत करा दिया है।
विश्वविद्यालय के एमबीए के विभागाध्यक्ष डॉ. मुराद अली ने शुक्रवार को बताया कि कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए छात्रों की आनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। ऑनलाइन कक्षा के दौरान एमबीए प्रथम सेमेस्टर के दो छात्र पीयूष कुमार और अर्चित साहू ने आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट कर दिया। जानकारी होने पर क्लास के अन्य छात्र और शिक्षकों ने इसकी शिकायत की। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रॉक्टोरियल बोर्ड की बैठक में निर्णय लेकर दोनों छात्रों को विश्वविद्यालय के सभी शैक्षिक गतिविधियों से 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। साथ ही कहा गया कि यदि यह दोनों छात्र भविष्य में भी इस तरह का व्यवहार करते हैं तो उन्हें विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया जाएगा।
डॉ. अली ने बताया कि दोनों छात्रों ने ऑनलाइन क्लास के दौरान शैक्षिक वातावरण को बिगाड़ने की कोशिश के साथ ही अनुशासनहीनता की है। शिक्षक और छात्रों की शिकायत पर मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई से कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्या, कुलसचिव महेंद्र कुमार और चीफ प्राक्टर डॉ. संतोष कुमार को भी अवगत करा दिया गया है।
विश्व प्रकाश
