गाजियाबाद (हि.स.)। लगातार बढ़ रहे ओमिक्रोन के निपटने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली । उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन, दवा या अन्य आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त करवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने ऑक्सीजन प्लांट संचालन, मास्क की उपलब्धता, निगरानी समिति, एन्टी कोविड किट, ऑक्सीजन सेलेण्डर आदि बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही टेस्टिंग एण्ड ट्रीटमेंट पर कार्य को और तेजी के साथ करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ग्रामीण एवं शहरी निगरानी समितियों को और अधिक सक्रिय करने, एल-1 तथा एल-2 हास्पिटल को क्रियाशील करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क शुरू करने को कहा। सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन के प्रयोग के संबंध में ऑडिट किया जाए। सभी अस्पतालों में निर्धारित मानकों के अनुरूप मरीजों को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को स्वच्छता, साफ-सफाई कराने को कहा। शहर में स्थाई जगहों और प्रचार वाहनों पर लगाए गए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से कोरोना संक्रमण के बचाव एवं रोकथाम का प्रचार-प्रसार करने को कहा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवतोष शंखधर, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ.आरके गुप्ता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश सिंह, डब्ल्यूएचओ के डॉ. अभिषेक कुलश्रेष्ठ, संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक ज्योति दीक्षित आदि उपस्थित रहे।
फरमान
