लखनऊ (हि.स.)। ऐशबाग क्षेत्र में अवैध रुप से बनाये गये पंजाब लान पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शनिवार को हल्लाबोल दिया। पूर्व में एलडीए ने पंजाब लान को अवैध निर्माण को स्वयं से ढहाने के लिए नोटिस भेजा गया था। प्रवर्तन दल आज निर्धारित तिथि पर पंजाब लान पर कार्यवाही करने पहुंचा। इस दौरान एलडीए के अधिकारियों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा।
एलडीए के जोन सात के जोनल अधिकारी अरविंद त्रिपाठी और उनकी टीम के सदस्यों ने पंजाब लान पर कार्यवाही के लिए स्थानीय थाने से पुलिसकर्मियों की मांग की थी। एलडीए अधिकारी जैसे ही टीम के साथ आज मौके पर पहुंचें, वहां मौजूद लोगों ने उनका विरोध किया। लोगों ने अरविंद त्रिपाठी को घेर लिया और उनसे धक्का मुक्की करने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बीच बचाव कर जोनल अधिकारी को भीड़ से सुरक्षित निकाला। यहां से अरविंद त्रिपाठी सड़क तक पैदल आये और इसके बाद बुलडोजर से पंजाब लान को ध्वस्त किया गया।
पंजाब लान के मैनेजर मुकेश कुमार ने एलडीए की कार्यवाही को गलत ठहराया है। वहीं एलडीए के अधिकारियों ने समूचे घटनाक्रम को सोची समझी साजिश बताया है। घटना के संबंध में एलडीए के सचिव पवन ने स्पष्ट किया कि एलडीए की ओर से आगे कानूनी रुप से कार्रवाई करायी जायेगी।
शरद/मोहित
