Saturday, March 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशऐतिहासिक ददरी मेले का हुआ भूमि पूजन

ऐतिहासिक ददरी मेले का हुआ भूमि पूजन

– आईजी संग डीएम-एसपी पुलिस ने किया ददरी मेला क्षेत्र का निरीक्षण

बलिया (हि. स.)। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ ही शुरू होने वाले ऐतिहासिक ददरी मेला के लिए शनिवार को भूमि पूजन किया गया। अगले एक माह तक शहर के पूरब अद्भुत छटा बिखेरता चकाचौंध से भरी दुनिया दिखेगी।

ददरी मेला क्षेत्र में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल ने भूमि पूजन कर ददरी मेला के सकुशल सम्पन्न होने की ईश्वर से कामना की। इस अवसर पर पुरोहितों ने विभिन्न देवताओं की आराधना कर वैदिक मंत्रोच्चार किया। यहां पर मंत्री दयाशंकर सिंह, जिलाधिकारी और नपा चेयरमैन ने गजराज को केला और मिष्ठान खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस बार ददरी मेला को भव्य बनाने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पहली बार जर्मन हैंगर लग रहे हैं। जहां से कवि सम्मेलन, सबरी ब्रदर्स और अल्ताफ राजा की कव्वाली, सपना चौधरी के ठुमके आदि मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

ददरी मेला में प्रवेश के लिए बनेंगे पांच द्वार

पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया कि मेला क्षेत्र में चार चौकी और एक थाना की स्थापना की जाएगी और मेला क्षेत्र में आम लोगों को पांच ओर से प्रवेश करने की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में प्रवेश करने वाली विभिन्न पतली गलियों को भी जोड़ा जाएगा। ताकि आमजन को आने-जाने में सहूलियत हो सके। इसके पहले आईजी अखिलेश कुमार संग जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसपी एस आनंद ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर लोगों की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सहित सभी अन्य तैयारियों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि मेला क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वीआईपी और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों के लिए स्विस कॉटेज बनेंगे। साथ ही उनके रास्ते की बैरिकेडिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए मेला क्षेत्र में प्रवेश के लिए अलग रास्ते होंगे। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर मेला क्षेत्र में लगने वाले टेंट, पैगोडा, गोलंबर का क्षेत्र, झूला क्षेत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बनने वाले मंच, दुकानों की स्थिति, वाहनों के लिए पार्किंग, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था, प्रदर्शनी सहित अन्य क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी।

एन पंकज/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular