लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के मेडिकल जेनेटिक्स विभाग की ओर से आनुवांशिक विकारों पर चर्चा के लिए एक सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है। इस सेमिनार में देश-विदेश के चिकित्सक अपना शोध प्रस्तुत करेंगे और अपने अनुभवों को साझा करेंगे। एसजीपीजीआई में दो दिवसीए संगोष्ठी नौ और 10 दिसम्बर को होगी। यह जानकारी एसजीपीजीआई के मेडिकल जेनेटिक्स विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. शुभा फड़के ने दी।
प्रो. शुभा फड़के ने बताया कि इस सेमिनार का उद्देश्य भारत में बड़े डेटा के प्रबंधन के उचित तरीकों और दुनिया के अन्य क्षेत्रों की तुलना में भारतीयों के जीनोम की समानता व असमानता बारे में चर्चा करना है।
इस सेमिनार में यू के, यूएसए और स्विट्जरलैंड के विश्व प्रसिद्ध विशेषज्ञों द्वारा जीनोमिक डेटाबेस, कैंसर की आनुवंशिकी, नवजात और हृदय रोगों पर चर्चा होगी।
इस सेमिनार से चिकित्सा में आनुवंशिकी के विज्ञान पर उच्च स्तर के विचार-विमर्श से आनुवंशिक विकारों के निदान और प्रबंधन को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। प्रो. शुभा फड़के ने बताया कि भारत में आनुवंशिक विकारों की जांच के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है।
बृजनन्दन
