आगरा (हि.स.)। दुष्कर्म के एक मामले में कई महीने बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित महिला ने एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी ने सम्बंधित थाना पुलिस को कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
मामला आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र का है, जहां इलाके के रहने वाली एक महिला ने अपने पड़ोसी राहुल पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का पति टेंट की सिलाई के काम की वजह से शहर से बाहर ही रहता है। पीड़ित महिला ने बताया कि 15 अप्रैल की रात को उसके घर पर आये उसके पडोसी ने कोल्डड्रिंक में नशीली दवाई मिलाकर पिला दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। उसके बाद उसने दुष्कर्म किया और उसका वीडियो भी बनाया। होश आने पर जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवक ने शिकायत करने पर वीडियो वायरल की धमकी दी।
मामले की जानकारी 10 जून को पति के घर आने पर महिला ने दी। पति ने इसकी शिकायत थाना कागारौल में की, लेकिन पुलिस ने इस घटना के सम्बन्ध में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। इस बीच आरोपी ने महिला के रेप का वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिया। इसके बाद न्यायलय के आदेश पर आईटी एक्ट के तहत युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर महिला ने एसएसपी से इसकी शिकायत की है। एसएसपी ने इस सम्बन्ध में सम्बंधित थाना पुलिस को तत्काल कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
श्रीकांत
