मेरठ़ (हि.स.)। एसएसपी आवास के पास मंगलवार को आधी रात के बाद नशे में धुत युवकों ने कार की छत पर चढ़कर जमकर उत्पात मचाया। इसका वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया। लोगों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
लालकुर्ती थाना क्षेत्र में एसएसपी आवास से कुछ ही दूरी पर आईसीआईसीआई बैंक के पास मंगलवार को लगभग एक बजे को नशे में धुत युवकों ने कार की छत पर चढ़कर हरियाणवी गाने पर जमकर डांस किया और उत्पात मचाया। यह पूरा वाकया पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। कार के म्यूजिक की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास रहने वाले लोग भी परेशान हो गए। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवकों को ऐसा करने से रोका तो उन्होंने पुलिस से भी अभद्रता कर दी। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान न्यू सर्वोदय कॉलोनी निवासी दिशिप ढिल्लन पुत्र पंकज चौधरी और जेल चुंगी किला रोड निवासी आकाश कुमार पुत्र प्रेम कुमार शामिल है। बुधवार को इन आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया। आरोपितों को पकड़ने वाली टीम में उप निरीक्षक फरीद अहमद, खुशवंत सिंह, बलराज सिंह शामिल रहे।
कुलदीप
