Sunday, February 15, 2026
Homeखेल एशियाई खेल निशानेबाजी: सिफ्ट कौर समरा ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता...

 एशियाई खेल निशानेबाजी: सिफ्ट कौर समरा ने विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण, आशी को कांस्य

हांगझू (हि.स.)। भारत की सिफ्ट कौर समरा ने बुधवार को हांगझू में चल रहे एशियाई खेलों में महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3पी व्यक्तिगत फाइनल में स्वर्ण पदक जीता, जबकि आशी चौकसे ने कांस्य पदक जीता।

469.6 अंकों के स्कोर के साथ, सिफ्ट ने न केवल स्वर्ण पदक हासिल किया, बल्कि विश्व रिकॉर्ड, एशियाई रिकॉर्ड और एशियाई खेलों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। विश्व रिकॉर्ड ग्रेट ब्रिटेन के पास था, एशियाई रिकॉर्ड चीन के पास था और एशियाई खेलों का रिकॉर्ड पहले मंगोलिया के पास था।

रजत पदक 462.3 अंकों के साथ चीन के क्यूनग्यू झांग को और कांस्य पदक 451.9 अंकों के साथ आशी को मिला।

इसके साथ, भारत का निशानेबाजी में वर्तमान में इस स्पर्धा में नौवां पदक और हांग्जो एशियाई खेलों में कुल मिलाकर पांचवां स्वर्ण पदक है।

इससे पहले आज, मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की भारतीय निशानेबाजी तिकड़ी ने निशानेबाजी में देश का दबदबा कायम रखते हुए बुधवार को हांगझू में चल रहे एशियाई खेलों में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारत को कुल 1759 अंक मिले। चीन ने 1756 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया। कुल 1742 अंकों के साथ दक्षिण कोरिया को कांस्य पदक मिला।

इसके अलावा, आशी चौकसे, मानिनी कौशिक और सिफ्ट कौर समारा ने बुधवार को महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3पी टीम शूटिंग स्पर्धा में भारत के लिए रजत पदक हासिल किया। 1764 अंकों के स्कोर के साथ, भारत ने इस स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया, और स्वर्ण पदक से केवल 19 अंक पीछे रह गया।

इससे पहले दिव्यांश सिंह पंवार, रुद्रांक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की टीम ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम में विश्व रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया था। इसके अलावा महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम में मेहुली घोष, रमिता जिंदल और आशी चौकसे की तिकड़ी को रजत मिला था।

रमिता ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक हासिल किया।

ऐश्वर्या ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता था। आदर्श सिंह, विजयवीर सिद्धू और अनीश भानवाला की पुरुषों की 25 मीटर रैपिड-फायर पिस्टल तिकड़ी ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया था।

अब भारत के पास चल रहे हांगझू मीट में पांच स्वर्ण, पांच रजत और आठ कांस्य पदक के साथ 18 पदक हो गए हैं।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular