Saturday, April 4, 2026
Homeव्यापारएलन मस्क फिर बने दुनिया के सबसे अमीर शख्स

एलन मस्क फिर बने दुनिया के सबसे अमीर शख्स

-187 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पहले नंबर पर

नई दिल्ली (हि.स.)। इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला और ट्विटर प्रमुख एलन मस्क एक बार फिर दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 187 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ मस्क ने एक बार फिर अरबपतियों की सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया है।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार सिर्फ दो महीने में एलन मस्क की संपत्ति में 50 अरब डॉलर से ज्यादा का उछाल आया है, जो 187 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। इस सूची में दूसरे नबर पर बर्नार्ड अरनॉल्ट हैं, जिनकी संपत्ति एक साल में 23.3 अरब डॉलर बढ़ कर 185 अरब डॉलर हुई है। अमेजन के फांउडर जेफ बेजोस 117 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि 114 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ बिल गेट्स चौथे स्थान पर हैं। इस सूची में 5वें पायदान पर वॉरेन बफे हैं, जिनकी संपत्ति 106 अरब डॉलर है।

दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति रहे भारतीय कारोबारी गौतम अडाणी कुछ ही दिनों में खिसक कर 32वें नंबर पर आ गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार दो महीनों में उनकी संपत्ति में 82.8 अरब डॉलर की गिरावट आई है। इससे उनकी संपत्ति घटकर 37.7 अरब डॉलर रह गई है।

24 जनवरी को अमेरिकी वित्तीय रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग ने अडाणी समूह पर एक रिपोर्ट जारी की थी। इसके बाद से ही अडाणी समूह की कंपनियों के शेयर औंधे मुंह गिर रहे हैं।

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की टॉप-10 सूची में भारतीय कारोबारी मुकेश अंबानी शामिल हो गए हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी 81.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस सूची में 10वें पायदान पर हैं। उनकी संपत्ति में भी इस साल 6.02 अरब डॉलर की गिरावट आई है।

प्रजेश शंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular