Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशएलएलबी की छात्रा पर ममेरे भाई ने चाकू से किया हमला

एलएलबी की छात्रा पर ममेरे भाई ने चाकू से किया हमला

बांदा (हि.स.)। शहर कोतवाली अंतर्गत एलएलबी की छात्रा को शादी से इनकार करने पर ममेरे भाई ने चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में छात्रा को इलाज के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना शहर कोतवाली अंतर्गत डीएम कॉलोनी की है। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है।

जनपद के डीएम कॉलोनी में अपने मामा के घर रहकर एलएलबी फर्स्ट ईयर की शिक्षा ग्रहण कर रही छात्रा, जालौन की रहने वाली है। छात्रा के सगे मामा का लड़का ज्ञान प्रकाश भी एलएलबी फर्स्ट ईयर का छात्र है। दोनों एक ही घर में रहते हैं और एक साथ पढ़ते हैं। ममेरे भाई के मन में कब प्यार पनपा इसकी जानकारी छात्रा को तब हुई जब वह उसे शादी के लिए बाध्य करने लगा। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर घर के अंदर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर ज्ञान प्रकाश ने छात्रा के गले पर चाकू से घातक प्रहार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। घटना के बाद आरोपी ज्ञान प्रकाश मौके से फरार हो गया। घटना देख छात्रा के मामा और परिवार के अन्य सदस्य उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की शाम लगभग 6 बजे डीएम कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति घायल अवस्था में अपनी भांजी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। जिसके गले में चाकू से लगा घाव था। हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। एएसपी ने यह भी बताया कि जब इस मामले की जांच पड़ताल की गई, तब पता चला कि लड़की का ममेरा भाई उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। मना करने पर उसने उस पर जानलेवा हमला किया है। डॉक्टर के मुताबिक लड़की की हालत खतरे से बाहर है। अभी वह बातचीत भी कर रही है लेकिन इलाज के बाद पुलिस बयान लेगी, तभी मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है जो मौके से फरार है। घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को दी गई है।

अनिल/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular