नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का आईपीओ आने के बाद अब केंद्र सरकार ने अपने विनिवेश कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक क्षेत्र की एक जनरल इंश्योरेंस कंपनी के विनिवेश की योजना पर भी काम शुरू कर दिया है। पहली तिमाही के नतीजे आने के बाद केंद्र सरकार यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी, नेशनल इंश्योरेंस कंपनी और ओरिएंटल इंडिया इंश्योरेंस से किसी एक जनरल इंश्योरेंस कंपनी के लिए विनिवेश कार्यक्रम की शुरुआत कर सकती है।
एलआईसी के आईपीओ की स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग और आईपीओ के ओवरऑल रिस्पॉन्स को देखने के बाद केंद्र सरकार अपनी 3 जनरल इंश्योरेंस कंपनियों में से किसी एक कंपनी के लिए विनिवेश कार्यक्रम का ऐलान करेगी। इन जनरल इंश्योरेंस कंपनियों के तिमाही नतीजों का आकलन करने के बाद मार्केट एक्सपर्ट्स की राय लेकर तीनों कंपनियों में से किसी एक कंपनी का विनिवेश कार्यक्रम के लिए चयन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि तीनों कंपनियों के तिमाही नतीजे पर गौर करने के बाद नीति आयोग किसी एक कंपनी का चयन करके उसके नाम की केंद्र सरकार से सिफारिश करेगा। नीति आयोग की सिफारिश केंद्र में विनिवेश कार्यक्रम के लिए विशेष तौर पर बनाए गए सचिवों के एक कोर ग्रुप के पास भेजी जाएगी, जो अपनी इस सिफारिश को ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स के पास भेजेगा।
सचिवों के कोर ग्रुप से सिफारिश आने के बाद ग्रुप ऑफ मिनिस्टर ही विनिवेश कार्यक्रम के लिए चुनी गई कंपनी के नाम पर आखिरी मुहर लगाएगा। अभी तक जो खबरें छन कर बाहर आ रही हैं, उसके मुताबिक इन तीनों जनरल इंश्योरेंस कंपनियों में से विनिवेश कार्यक्रम के लिए यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी का चयन होने की सबसे अधिक संभावना है।
योगिता
