Saturday, April 4, 2026
Homeव्यापारएयरटेल को 5जी स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र मिला, सुनील मित्तल ने की तारीफ

एयरटेल को 5जी स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र मिला, सुनील मित्तल ने की तारीफ

नई दिल्ली(हि.स)। दूरसंचार विभाग (डॉट) को अग्रिम भुगतान करने के कुछ घंटों के भीतर ही भारती एयरटेल को 5जी का स्पेक्ट्रम आवंटन पत्र मिल गया। भारती एंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

मित्तल ने जारी एक बयान में कहा कि यह पहली बार है, जब दूरसंचार विभाग (डॉट) ने अग्रिम भुगतान करने के दिन ही स्पेक्ट्रम आवंटन का पत्र सौंप दिया। उन्होंने बताया कि एयरटेल ने 5जी स्पेक्ट्रम के लिए 8,312.4 करोड़ रुपये का भुगतान किया और कुछ घंटों के भीतर निर्दिष्ट फ्रीक्वेंसी बैंड के लिए आवंटन पत्र दे दिया गया।

उन्होंने कहा कि वादे के मुताबिक स्पेक्ट्रम के साथ ई-बैंड का आवंटन किया गया। कोई कमी नहीं, कोई देरी नहीं। सत्ता के गलियारों का कोई चक्कर नहीं और कोई लंबा दावा नहीं। कारोबारी सुगमता पूरी तरह प्रभावी है। मित्तल ने कहा कि डीओटी के साथ मेरे 30 साल से ज्यादा साल के अनुभव में ऐसा पहली बार है। व्यवसाय ऐसा होना चाहिए।

उद्योग जगत के दिग्गज कारोबारी सुनील भारती मित्तल की कंपनी भारती एयरटेल ने 5जी स्पेक्ट्रम आवंटन के लिए 43,039.63 करोड़ रुपये की सफल बोली लगाई है। इसके लिए एयरटेल ने दूरसंचार विभाग को 8,312.4 करोड़ रुपये का भुगतान किया है। एयरटेल ने यह राशि 4 साल की किस्त के अग्रिम भुगतान के रूप में जमा करवाई है। डीओटी को भारती एयरटेल, रिलायंस जियो, अडाणी डेटा नेटवर्क्स और वोडाफोन आइडिया से लगभग 17,876 करोड़ रुपये मिले हैं। एयरटेल को छोड़कर अन्य सभी दूरसंचार परिचालकों ने 20 वार्षिक किश्तों में भुगतान का विकल्प चुना है।

प्रजेश शंकर/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular