Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेश एमडीए करेगा टाउनशिप योजना लांच, 11 राजस्व ग्रामों की 1250 हेक्टेयर भूमि...

 एमडीए करेगा टाउनशिप योजना लांच, 11 राजस्व ग्रामों की 1250 हेक्टेयर भूमि होगी अधिग्रहण

– मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने की प्रेस वार्ता

मुरादाबाद (हि.स.)। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को दोपहर में एमडीए आफिस के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि प्राधिकरण टाउनशिप योजना लांच करने जा रहा है। जिसके लिए प्राधिकरण 11 राजस्व ग्रामों की करीब 1250 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण करेगा।

एमडीए वीसी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा ‘मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण, नये शहर प्रोत्साहन योजना’ के अंतर्गत विभिन्न प्राधिकरणों को नयी टाउनशिपों के विकास हेतु भूमि अर्जन मद में सीड कैपिटल उपलब्ध कराने का प्राविधान किया गया है। एमडीए द्वारा अपनी मौजूदा नया मुरादाबाद योजना के पास स्थित करीब 11 राजस्व ग्रामों की लगभग 1250 हेक्टेयर भूमि को इस नयी टाउनशिप हेतु चयनित किया गया है।

वीसी ने आगे बताया कि एमडीए सीधे किसानों व भूस्वामियों से समुचित दरों पर चरणबद्ध तरीके से भूमि खरीदेगा। इस हेतु सार्वजनिक सूचना समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित कराई गई है। योजना के अंतर्गत प्रस्तावित भूमि के संबंध में आपत्ति-सुझाव भी 15 दिवस के अंदर आमंत्रित किये गये हैं, जिसके बाद एमडीए द्वारा किसानों के साथ बैठक करने के बाद जिलाधिकारी के स्तर से क्रय दरों की घोषणा करायी जाएगी एवं विधिवत भूमि क्रय पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। इस मौके पर एमडीए सचिव राजीव पांडेय भी उपस्थित रहे।

इन गांवों की भूमि की जाएगी अर्जित

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि डिडोरी, डिडोरा, चैधरपुर, खदाना, रसूलपुर सुनवाती, सोनकपुर, भीमाठेर, लोधीपुर जवाहरनगर, सलेमपुर बाँगर, शाहपुर तिगरी तथा सिकंदरपुर राजस्व गांव की भूमि अधिग्रहण की जाएगी

टाउनशिप योजना में यह होंगे मुख्य आकर्षण

रिवरफ्रट, एम्यूजमेंट पार्क, पर्यटन स्थलों का विकास, सिटी सेंटर, मेडीसिटी, एजुकेशन सिटी, शिल्पग्राम, आईटी सिटी, मेगा फूड पार्क बनाये जाएंगे। साथ ही मास्टर प्लान में चिन्हित महायोजना मार्गों का निर्माण, हरित क्षेत्र का विकास, सार्वजनिक सुविधाओं का सृजन भी एमडीए करेगा।

कांठ रोड को दिल्ली रोड से मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि कांठ रोड को दिल्ली रोड से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही शहर की ट्रैफिक समस्या का स्थायी समाधान होगा और अवैध प्लाटिंग व निर्माण पर पूर्ण रोक लगेगी।

वीसी ने बताया कि इससे योजना में आने वाले ग्रामों का कायाकल्प होगा। सड़क, बिजली, पेयजल, जलनिकासी, मार्ग, प्रकाश की व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। इससे इन गांवों का भी शहरीकरण होगा। अवधि योजना का कार्य 3 से 5 वर्ष में पूर्ण किया जायेगा। चरणबद्ध ढंग से भूमि क्रय व विकास कर योजना के अन्तर्गत भूखंड व भवन विक्रय हेतु उपलब्ध कराए जायेंगे।

भूस्वामी 7 जुलाई तक दे सकते हैं अपनी आपत्तियां व सुझाव

एमडीए वीसी शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि सिंगल विंडो पर भूस्वामी अपनी आपत्तियां व सुझाव 7 जुलाई तक दे सकेंगे जिनकी सुनवाई व निस्तारण प्राधिकरण की समिति द्वारा किया जाएगा। चिन्हित भूमियों की पूर्ण जानकारी प्राधिकरण कार्यालय, मंडलायुक्त कार्यालय, कलेक्ट्रेट, तहसील सदर कार्यालय तथा उपनिबंधक कार्यालय में प्रदर्शित की जाएगी।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति शीघ्र ही इसके लिए दरों का निर्धारण करेगी, इस योजना के लांच होने से नया मुरादाबाद योजना में भी बसावट रफ्तार पकड़ेगी, इससे संपत्तियाँ भी महँगी होंगी। साथ ही, अवैध कॉलोनियों की रफ्तार पर लगाम लगेगी और शहरी गरीबों को भी सस्ता आशियाना मिलेगा।

निमित जायसवाल/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular