बलिया (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के प्रपौत्र रविशंकर सिंह ”पप्पू” ने मंगलवार को एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के समक्ष उनके न्यायालय कक्ष में दो सेटों में पर्चा भरा।
बीटेक डिग्रीधारी रविशंकर सिंह पप्पू अपने पैतृक गांव इब्राहिम पट्टी से सुबह चलकर करीब दो बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। रास्ते में जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने स्वागत किया। सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ शहर में पहुंचे रविशंकर पप्पू कुंवर सिंह चौराहे से पैदल ही अपने प्रस्तावकों के साथ जिलाधिकारी कक्ष की ओर बढ़े। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। 56 वर्षीय रविशंकर सिंह 1977 से पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के सानिध्य में चुनावी राजनीति को करीब से देख रहे हैं। 2003 में पहली बार समाजवादी पार्टी से विधानपरिषद के लिए चुने गए थे। इसके बाद एक बार बसपा से और फिर समाजवादी पार्टी से विधानपरिषद सदस्य चुने जा रहे रविशंकर सिंह चौथी बार किस्मत आजमा रहे हैं। उनके नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में नवनिर्वाचित विधायक व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह और जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू भी पहुंचे थे। कलेक्ट्रेट परिसर के इर्द-गिर्द भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।
पंकज
