– आपदा की स्थिति में कम से कम नुकसान होने के टेक्निकल टीम ने दिया प्रशिक्षण
गाजियाबाद (हि.स.)। कमला नेहरू नगर स्थित 8वीं एनडीआरएफ कैंप परिसर में शनिवार 2019 व 2020 बैच के 130 आईपीएस प्रोबेशनर अधिकारियों के दल ने आपदा प्रबंधन के गुर सीखे। एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने बाढ़, भूकंप, भूस्खलन एवं सीबीआरएन में प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया।

सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद के असिस्टेंट डाॅयरेक्टर अजीता बेगम के नेतृत्व में एकदिवसीय आपदा प्रशिक्षण के लिए आया था। आठवीं बटालियन एनडीआरएफ के कमांडेंट प्रवीण तिवारी ने इन सभी का स्वागत किया।
उन्होंने भारत सरकार द्वारा आपदा प्रबंधन क्षेत्र में प्रदान की गई विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी । उन्होंने बताया कि इन अधिकारियों द्वारा ग्रहण की गई एनडीआरएफ कार्य पद्धति की जानकारी और प्रशिक्षण का भविष्य में अपने अपने कार्य क्षेत्र में आपदा प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।

एनडीआरएफ के विशेषज्ञ टीम ने प्राकृतिक अथवा मनुष्य जनित आपदाओं जैसे बाढ़, भूकंप, भूस्खलन एंव सीबीआरएन आदि घटनाओं के दौरान होने वाले जान व माल के नुकसान से बचते हुए अधिक से अधिक लोगों को बचाने के लिए उनकी भूमिका की जानकारी दी तथा ध्वस्त इमारत में खोज एंव बचाव,रासायनिक जैविक रेडियोलॉजिकल और परमाणु जैसी आपदाओं पर एनडीआरएफ द्वारा किये जाने वाले ऑपरेशनों पर आधारित डेमोंसट्रेशन एवं प्रशिक्षण दिया।
एनडीआरएफ में प्रयोग में लाये जाने वाले विभिन्न उपकरणों की जानकारी दी। इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट आदित्य प्रताप सिंह ने डिजास्टर मैनेजमेंट पर भारत में आपदा प्रबंधन सिस्टम व सेटअप रोल एवं इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम के मैकेनिज्म, आपदा के समय राज्य पुलिस से समन्वय के साथ साथ चुनौतियां व अपेक्षाओं की जानकारी तथा पुलिस बल को आपदा प्रशिक्षण की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी दी।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आठवीं बटालियन से डिप्टी कमांडेंट बेगराज मीणा, दीपक तलवार कुलीश आनंद व असिस्टेंट कमांडेंट पंकज मिश्रा व विकास कुमार के साथ बलवान सिंह सूबेदार मेजर तथा सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद के फैकल्टी मेंबर मुकेश चौधरी उपस्थित रहे।
फरमान
