– एडीजी स्तर के अधिकारी से जुड़ा मामला देख मुकदमा दर्ज कर पुलिस साइबर अपराधियों की तलाश में जुटी
लखनऊ (हि.स.)। त्योहार आते ही साइबर अपराधी भी पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। वह किसी न किसी बहाने से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला शनिवार को सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रेलवे की पत्नी सहित तीन लोगों के खातों से करीब सवा लाख रुपये निकाले लिए। इस मामले में अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमें की जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस ने साइबर अपराध शाखा की मदद ली है।
एडीजी रेलवे की पत्नी प्रीति आनंद ने अपनी शिकायत विभूतिखंड थाने में दर्ज कराई है। वहीं, दो और शिकायतें अलीगंज और गाजीपुर में दर्ज हुई हैं। प्रीति आनंद के मुताबिक, उन्होंने ऑनलाइन घरेलू सामान बुक कराया, लेकिन वो समय पर नहीं आया। उन्होंने इसकी शिकायत ऑनलाइन की। बताया कि उनके पास एक लिंक आया और उसका उपयोग करते ही उनके खाते से 14 हजार 671 रुपये निकल गए। जब उनके खाते से पैसे अचानक निकल गए तो उन्होंने शिकायत दर्ज करायी है।
एक ठगी का मुकदमा गाजीपुर थाना में दर्ज हुआ है। वादी ऋषभ सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करायी है कि वह इंदिरानगर के सेक्टर-15 में रहता है। उसने ओएलएक्स पर मकान किराये पर देने के लिए विज्ञापन पोस्ट किया था। इसके बाद एक युवक ने फौजी बताकर मकान को किराये पर लेने की बात कहते हुए एडवांस भेजने के बहाने से उसके खाते की जानकारी ले ली। इसके बाद खाते से दो बार में 48 हजार रुपये निकाल लिए गए।
इसी तरह की ठगी अलीगंज के त्रिवेणीनगर तृतीय निवासी निधि मिश्र के साथ हुई। उन्होंने भी किरायेदार रखने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन दिया था। किरायेदार बनकर एक जालसाज ने निधि से संपर्क किया और एडवांस भेजने के बहाने से 63,245 रुपये उनके खाते से निकाल लिए। पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है।
दीपक
