-एडीजी ने गुरसरांय थाना पुलिस को लगाई फटकार,विधायक भी पहुंचे
झांसी (हि. स.)। गुरसराय थाना क्षेत्र के खैरो नुनार गांव में हुई डकैती की घटना को अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) जोन कानपुर ने संज्ञान में लिया है। रविवार को वे आईजी के साथ डकैती स्थल पहुंचकर मौका मुआयना किया। उन्होंने पीड़ितों से वार्ता करते जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। इसके अलावा उन्होंने गुलशन थाना पुलिस को फटकार भी लगाई।
गुरसरांय थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित ग्राम खैरो में श्रेयांश जैन का परिवार रहता है। आधी रात के बाद लगभग ढाई बजे असलहाधारी बदमाश उनके घर में दाखिल हुए और गृह स्वामी संदीप व उनके बेटे श्रेयांश को बंधक बना लिया। घर में रखे लगभग 20 लाख रुपये व लाखों की कीमत के सोने-चांदी के जेवर लूट ले गए। बदमाशों ने तमंचे की बट से पिता-पुत्र पर हमलाकर घायल कर दिया था। साथ ही घर की महिलाओं के साथ भी मारपीट करते हुए उनके पैरों की पायल व बिछिया तक उतरवा लिया।
झांसी में एक के बाद दूसरी डकैती की घटना की सूचना पर एडीजी कानपुर जोन आलोक सिंह,आईजी जोगेंदर कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। इसके साथ ही उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को घटना का जल्द खुलासे करने के निर्देश दिए। गुरसराय पुलिस से वार्ता करते हुए उन्हें भी एडीजी ने फटकार लगाई।
घटना की सूचना पर क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत भी घटना स्थल जा पहुंचे उन्होंने परिजनों से मुलाकात करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।
महेश
