-महिला को केयर टेकर बनाने का लालच देकर किया था दुष्कर्म
बाराबंकी(हि.स.)। जनपद में एक महिला के साथ दुष्कर्म, आत्महत्या के लिए विवश करने का फरार आरोपी प्रभारी एडीओ पंचायत अभय शुक्ला पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उसकी अतिशीघ्र गिरफ्तारी न होने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या से अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए इनाम की राशि 50 हजार रुपये तक बढ़ाने की संस्तुति की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, रामनगर थाना के ग्राम कटका निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी है कि उसकी पत्नी एनआरएलएम के तहत स्वयं सहायता समूह चलाती थी। कुछ माह पहले सिरौलीगौसपुर ब्लॉक के प्रभारी एडीओ पंचायत रहे अभय कुमार शुक्ला ने पत्नी को ग्राम पंचायत में बने सामुदायिक शौचालय का केयरटेकर बनाया। नौकरी के बदले वह उसकी पत्नी से शारीरिक संबंध बनाना चाहता था, जिसका विरोध करने पर उसे केयरटेकर के पद से हटा दिया। अभय ने पत्नी की कुछ तस्वीरें खींच रखी थी, जिसे दिखाकर उसने उसे ब्लैकमेल किया। उसके साथ दुष्कर्म किया, अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। इससे आहत होकर महिला ने बीती दो सितम्बर को जहरीला पदार्थ खाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी अभय शुक्ला के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन घटना के कई दिन बीतने के बावजूद अभी तक आरोपित पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक रामनगर ने बताया कि एडीओ पंचायत की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगी है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा
पंकज/दीपक
