Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश एडवेंचर के शौकीन पर्यटकों और युवाओं ने हॉट एयर बैलून राइड का...

 एडवेंचर के शौकीन पर्यटकों और युवाओं ने हॉट एयर बैलून राइड का लिया रोमांच भरा आनंद

लगभग 1500 फीट की ऊंचाई से काशी के मनोरम दृश्यों के साथ वैभव को देख पर्यटक आह्लादित

हॉट एयर बैलून फेस्टिवल का आगाज,गांवों में बैलून को देखते ही बच्चों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी

वाराणसी(हि.स.)। सात वार-नौ त्योहार के जीवन दर्शन् को मानने वाली उत्सव प्रिय काशी नगरी में मंगलवार से चार दिवसीय हॉट एयर बैलून फेस्टिवल और नौका रेस प्रतियोगिता की शुरूआत हो गई। कमच्छा स्थित सेंट्रल हिन्दू ब्वायज स्कूल (सीएचएस) के खेल मैदान से सुबह लगभग 06 बजे 10 हॉट एयर बैलूंस ने उड़ान भरी। पूरी काशी को आसमान से दिखाने के बाद बैलूंस ने जनपद चंदौली में लैंड किया। गांवों में बैलून को देखते ही बच्चों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। चंदौली से पर्यटकों को वाहन से वाराणसी लाया लाया। हॉट एयर बैलून राइड का आनंद लेने वाले पर्यटकों ने 1500 फीट ऊंचाई से काशी के मनोरम दृश्यों के साथ वैभव को देखा। एडवेंचर के शौकीन पर्यटकों और युवाओं ने कहा कि रोमांच की पराकाष्ठा का अनुभव हुआ। आसमान से काशी के वैभव को निहारना अलग अनुभूति देता रहा। शहर में और गंगाघाटों पर रंग बिरंगे बैलून को उड़ते देख लोग भी खासे उत्साहित दिखे। एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए आयोजित हॉट एयर बैलून फेस्टिवल में सैर के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। हर बैलून में 30 लोग उड़ान भर सकेंगे। रस्सी से बंधे बैलून में एक दिन में 300 पर्यटक उड़ान का आनंद लेंगे। आमलोगों के लिए प्रतिदिन 100 टिकट रिजर्व रहेंगे। चार दिवसीय कार्यक्रम में 400 टिकट की व्यवस्था की गई है। इसमें एससीओ के प्रतिनिधियों को इसमें शामिल होने का अवसर मिलेगा। पर्यटन विभाग की उप निदेशक प्रीति श्रीवास्तव के अनुसार जी-20 की बैठक के मद्देनजर ये आयोजन हो रहे हैं। बैलून उत्सव में हॉट एयर बैलून को 10 विदेशी और 2 देसी पायलट उड़ा रहे हैं। यूके से पांच, यूएस, कनाडा, स्पेन, जापान और भारत से एक-एक पायलट उत्सव में शामिल हैं। एयर बैलून से एडवेंचर के शौकीन पूरे 45 मिनट हॉट एयर बैलून राइड ले सकेंगे। एयर बैलून के जरिए पर्यटक 5 से 7 किलोमीटर तक का सफर आसमान में कर पाएंगे। बैलून के लिए गंगा पार डोमरी गांव को बेस बनाया गया है। पर्यटक डोमरी से कमच्छा स्थित सीएचएस या एंफीथियेटर मैदान के लिए उड़ान भरेंगे। बैलून से पर्यटक आसमान से वाराणसी व आसपास के विहंगम दृश्यों का अविस्मरणीय आनंद ले सकेंगे। इसके पहले हॉट एयर बैलून का ट्रायल सोमवार को किया गया। कमच्छा स्थित सीएचएस मैदान और डोमरी से सुबह आठ बजे बैलून उड़ाए गए। दोनों स्थानों से एक समय पर उड़ाए गए बैलून एक दूसरे को गंगा के ऊपर क्रास करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान बैलून के पायलट ने रोमांचित कर देने वाली विहंगम काशी की तस्वीरें भी उतारीं। विशेषज्ञों ने उड़ान में सुरक्षा प्रबंधों की जांच की। पायलटों ने सुरक्षित ऊंचाई पर उड़ान तय समय में पूरी की। गंगापार डोमरी में लैंडिंग भी सफल रही। ट्रायल में सब कुछ सही होने पर पायलट दल के सदस्य भी उत्सव को लेकर आश्वस्त हुए।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular