जौनपुरहि. स.)।शाहगंज कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बेखौफ चोरों ने सीसीटीवी की आंखों में आंखें डालकर एटीएम का लॉक तोड़ कर रुपये पार कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बड़े आराम से चलते बने। एटीएम फ्रेंचाइजी के संचालक ने घटना की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी है। कोतवाली पुलिस सीसीटीवी के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।
थाना क्षेत्र के नगर के पुरानी बाजार मोहल्ला निवासी सुफियान शेख पुत्र मो. फैय्याज शेख ने आजमगढ़ रोड स्थित महिला अस्पताल के सामने हिताची कम्पनी की फ्रेंचाइजी लेकर एटीएम लगा रखा है। सुफियान शनिवार की सायं नमाज़ पढ़ने चला गया। इसी दौरान तीन की संख्या में आये चोरों ने एटीएम का लॉक तोड़ कर लगभग आठ से 10 हजार रुपये पार कर दिये। नमाज़ से लौटने पर देखा तो एटीएम का लॉक टूटा था। सीसीटीवी का फुटेज देखकर घटना की जानकारी हुई। भुक्तभोगी ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी है। फिलहाल हिताची कम्पनी के कर्मी ही बैलेंस शीट देखकर बता सकते हैं कि कुल कितना रुपया चोरों ने पार किया है। रविवार को इस मामले में जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या ने बताया कि सीसी टीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पीड़ित द्वारा तहरीर दी गई है । मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही इनको पकड़ लिया जाएगा।
विश्व प्रकाश
