Saturday, March 28, 2026
Homeव्यापारएचडीएफसी बैंक का मुनाफा 29 फीसदी बढ़कर 12,370 करोड़ रुपये पर पहुंचा

एचडीएफसी बैंक का मुनाफा 29 फीसदी बढ़कर 12,370 करोड़ रुपये पर पहुंचा

नई दिल्ली(हि.स.)। निजी क्षेत्र के सबसे बड़े कर्जदाता एचडीएफसी बैंक ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे का ऐलान कर दिया है। बैंक का मुनाफा जून तिमाही में 29.13 फीसदी बढ़ कर 12,370.38 करोड़ रुपये रहा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बैंक को 9,579.11 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

बैंक ने सोमवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में उसका मुनाफा 29.13 फीसदी बढ़कर 12,370.38 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इससे पिछले वित्त वर्ष 2022-23 की समान तिमाही में बैंक को 9,579.11 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। हालांकि, पिछले वित्त वर्ष की जनवरी-मार्च तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 12,594.47 करोड़ रुपये रहा था।

चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में एचडीएफसी की कुल आय बढ़कर 61,021 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 44,202 करोड़ रुपये रही थी। इस दौरान बैंक का परिचालन खर्च बढ़ कर 15,177 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 11,355 करोड़ रुपये था।

एचडीएफसी ने जारी बयान में कहा कि 30 जून, 2023 तक बैंक की सकल गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) 1.17 फीसदी रही है, जबकि मार्च तिमाही के अंत में यह 1.12 फीसदी और एक साल पहले की समान तिमाही में 1.28 फीसदी थी।

एचडीएफसी बैंक ने हाल ही में अपनी आवास वित्त क्षेत्र की मूल कंपनी एचडीएफसी का खुद में विलय किया है।

प्रजेश शंकर/संजीव

RELATED ARTICLES

Most Popular