-तिल्हापुर 132 केवीए पावर हाउस से सराय अकिल 33 केवीए पावर हाउस को दी गई थी बिजली सप्लाई
-लाइन ब्रेक डाउन होने पर पेट्रोलिंग में गायब मिली 100 मीटर तार
कौशांबी(हि.स.)। सराय अकिल थाना क्षेत्र मे बदमाश बेलगाम हो गए हैं। ताज़ा मामला बिजली की HT लाइन की चोरी से जुड़ा है, जिसमें बदमाश 33 केवीए की एचटी मेन चालू लाइन से 100 मीटर बिजली की तार काट ले गए। बदमाशों की इस हरकत की जानकारी बिजली सप्लाई बंद होने के बाद कराई गई पेट्रोलिंग में सामने आई। पावर हाउस के एसएसओ संदीप मिश्रा ने थाना पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुक़दमा दर्ज कराया है। पुलिस ने प्रकरण मे केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
सराय अकिल थाना क्षेत्र के 33 केवीए पावर मे रात करीब साढ़े 4 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। पावर हाउस से जुड़े सराय अकिल कस्बा सहित 5 दर्जन से अधिक गाव ब्लैक आउट हो गए। बिजली गुल होने से मचे हाहाकार के बीच स्थानीय लोगों के फोन बिजली घर के घनघनाने लगे। एसएसओ संदीप मिश्रा ने बताया, पावर हाउस में बिजली की सप्लाई बंद होने की जांच में उन्होंने तकनीकी खराबी समझ कर तिल्हापुर 132 केवीए ट्रांसमिशन लाइन के पावर हाउस से संपर्क साधा। जहां से उन्हें बिजली सप्लाई चालू होने की बात कही गई। तिल्हापुर ट्रांसमिशन लाइन से सराय अकिल पावर हाउस के बीच सप्लाई की 33 हज़ार बिजली पोल में फाल्ट खोजने का काम शुरू कराया गया। पावर हाउस से जुड़े लाइनमैन ने जब पेट्रोलिंग की तो पता चला कि रामपुर गाव व बुआ राम गाव के बीच 33 केवीए एचटी लाइन की 4 पोल वाले खंभे से करीब 100 मीटर तार गायब है। मेन सप्लाई की एचटी लाइन से तार चोरी होने की जानकारी विभाग के बड़े अधिकारियों को देकर बिजली लाइन को बहाल करने का कम किया गया।
एसएसओ पावर हाउस संदीप मिश्रा के मुताबिक, बिजली की एचटी लाइन से करीब 100 मीटर की गायब हुई तार बेहद कीमती है। अनुमान के आधार पर गायब हुई तार की कीमत 30 से 32 हज़ार के बीच आंकी जा रही है। उन्होंने वारदात की लिखित शिकायत सराय अकिल थाना पुलिस से कर कानूनी कार्यवाही की मांग की है। प्रकरण मे उच्चाधिकारियों ने विभागीय संलिप्तता की जांच शुरू कराई है।
थाना प्रभारी विनीत सिंह ने बताया, सराय अकिल पावर हाउस के एसएसओ संदीप मिश्रा की तहरीर पर क्राइम नंबर 413/13 में अज्ञात के खिलाफ धारा 379 एवं विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 140 मे केस दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है। संदिग्ध लोगों को पकड़ कर पूछताछ की जा रही है।
अजय कुमार/सियाराम
