Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशएक दर्जन से अधिक वाहन टकराए, विदेशी सैलानियों सहित आठ घायल

एक दर्जन से अधिक वाहन टकराए, विदेशी सैलानियों सहित आठ घायल

मथुरा (हि.स.)। मंगलवार घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते वाहनों की गति धीमी रही। वहीं कोहरे के कारण मथुरा में दो हादसे हुए। पहला, फरह क्षेत्र में हुआ। यहां 10 वाहन आपस में टकरा गए। दूसरा, यमुना एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास हुआ। यहां 6 वाहन आपस में टकरा गए। इसमें न्यूयॉर्क से आए पर्यटकों की कार आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। इसमें विदेशी पर्यटक सहित आठ घायल हुए हैं।

मंगलवार की सुबह विदेशी सैलानियों की मिनी बस संख्या 55 एजी 9952 नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। अभी वह यमुना एक्सप्रेस वे के मांट टोल प्लाजा के समीप पहुंची ही थी कि सामने चल रहे आईसर कंटेनर एचआर38 एडी 2578 में घुस गई। कोहरा होने के बाद भी चालक की स्पीड इतनी अधिक थी कि वह मिनी बस को कंट्रोल नहीं कर पाया। परिणाम स्वरूप न्यूयॉर्क निवासी 58 वर्षीय लुइस बजारों, 65 वर्षीय एंड्रिया गोल्डिंग, 60 वर्षीय करला लीच, 22 वर्षीय केटी मेकमेकिन, 52 वर्षीय रोहंडा डीवाल, 53 वर्षीय पोल पुरिईट तथा गाड़ी का चालक नई दिल्ली के आया नगर निवासी सुभाष पुत्र उमेद सिंह, परिचालक नई दिल्ली के परवांश मोहल्ला निवासी हरप्रीत सिंह पुत्र गुरुदेव सिंह घायल हो गए। वहीं, प्रत्यक्षदर्शी दीपक चौधरी ने बताया कि कोहरा घना था। 10 मीटर की दूरी पर कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। हादसे में किसी की जान नहीं गई। कई विदेशी भी घायल हो गए हैं।

घायलों में ड्राइवर व को ड्राइवर और दो विदेशी यात्रियों रोहण्डा और करला को गंभीर चोट आई हैं। सूचना मिलते ही मांट टोल चौकी प्रभारी रजत दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। चौकी प्रभारी ने अधिकारियों को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। एसपी देहात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही विदेश मंत्रालय को भी दुर्घटना में घायलों की सूचना भेजी जा रही है।

जीएलए कॉलेज बस सहित एक के बाद एक आपस में टकराए छह वाहन, 12 लोग घायल

आगरा में मंगलवार सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ था। सुबह आगरा-दिल्ली हाईवे पर फरह के पास ट्रक में बस ने टक्कर मार दी। बस के पीछे पांच वाहन और चल रहे थे। अचानक बस के ट्रक से टकराने के बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे में टकराने लगे। कुछ ही देर में एक के बाद छह वाहन आपस में टकरा गए।

आगरा दिल्ली हाईवे पर छह वाहन टकराने के बाद स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में लग गए। इसमें से एक बस जीएलए के छात्रों को लेकर जा रही थी। स्थानीय लोगों ने बस और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं।

सुबह-सुबह वाहनों के टकराने से आगरा-दिल्ली हाईवे पर लंबा जाम लग गया। कोहरे के चलते वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ियों को हाईवे से हटाकर एक तरफ कराया और यातायात शुरू कराया।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular