औरैया (हि.स.)। जनपद के रसूलाबाद व कंचौसी-झींझक रोड पर अक्सर रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने से लोग जाम में फंस जाते हैं। शनिवार को कंचौसी पूर्वी क्राॅसिंग पर यही नजारा रहा। एक्सप्रेस ट्रेनों के लगातार आवागमन के चलते क्रासिंग बंद रही और जाम में फंसकर वाहन सवारों के साथ-साथ भीषण गर्मी में राहगीर तिलमिलाने लगे।
दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग की कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगना आम बात है। शनिवार को डीएफसी रेलवे ट्रैक से दो मालगाड़ियों को निकालने के बाद कंचौसी रेलवे क्रॉसिंग को बंद किया गया था। इसके बाद नेताजी एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस, मुरी एक्सप्रेस, महानंदा एक्सप्रेस, गाजियाबाद-लखनऊ सुपरफास्ट सहित चार मालगाड़ियों को गुजारा गया। इसके चलते औरैया कंचौसी रसूलाबाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। इस बीच कंचौसी झींझक रोड, नहरपुल पर ट्रक और बाइक सवार लोग चिलचिलाती धूप में जाम में फंसे रहे। क्रॉसिंग के आसपास लंबा जाम लग गया। दोपहर में मालगाड़ियों के निकलने के बादक्रॉसिंग को खोला गया। इस दौरान करीब एक घंटे क्रॉसिंग बंद रही और जल्दीबाजी में निकलने के चक्कर में वाहन सवार एक दूसरे से झगड़ते नजर आए।
स्टेशन अधीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया लगातार ट्रेनों के आवागमन होने से क्रासिंग पर जाम लग गया था, जो कुछ देर बाद सामान्य हो गया था।
सुनील /मोहित
