जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। पुलिस कैसे काम करती है? आपात स्थितियों में हमें क्या करना चाहिए? यातायात नियमों का पालन क्यों और कितना जरूरी है? इस प्रकार के अनेक सवालों का जवाब पुलिस से ही पाने के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चे शनिवार को पुलिस कार्यालय पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें कार्यालय के विभिन्न पटलों से न केवल रूबरू कराया, अपितु बच्चों की तमाम जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। उन्होंने बताया कि भौतिक विज्ञान विभाग के अध्यक्ष सलिल और प्राथमिक अनुभाग की समन्वयक सुश्री शालिनी के देखरेख में विद्यालय के करीब दो दर्जन बच्चे आज सुबह ‘एक्सपोजर विजिट’ पर पुलिस कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में उन्होंने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। एएसपी ने बताया कि बच्चों को वायरलेस सिस्टम के साथ ही 1090 वीमेन पावर लाइन, 181-महिला हेल्प लाइन, 108-एम्बुलेंस सेवा, 1076-मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112-पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098-चाइल्ड लाइन, 102-स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को एसपी आफिस में स्थापित महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस, कन्ट्रोल रूम के बारे में बताया। एएसपी ने कहा कि मनचलां, शोहदों एवं अराजक तत्वों से परेशानी होने पर वे तत्काल पुलिस को फोन करें। कड़ी कार्रवाई होगी। महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी ने बच्चों को विस्तार से जानकारी दी।
यह भी पढ़ें : बस में सामान रखने को लेकर महिला पर ताना रिवाल्वर, आरोपी गिरफ्तार

बच्चों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी
बच्चों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी देने के लिए एएसपी ने यातायात निरीक्षक अनुभव कुमार सिंह व यातायात आरक्षियों को बुलवाया। उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी तथा आम्बेडकर चौराहे पर सभी बच्चों को लेकर जाकर चौराहे पर आवागमन के बारे में विस्तार से समझाया। एएसपी ने बच्चों को यातायात नियमों के बारे में दूसरों को भी जागरूक करने तथा स्वयं उसका पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि स्कूल आते-जाते समय बहुत जागरूक रहने की जरूरत होती है। यहां तक कि वाहन में बैठने के बाद भी खिड़की से शरीर का कोई अंग बाहर न निकालें। उन्होंने बच्चों से अपील किया कि वे अपनी जेब में विद्यालय का पहचान कार्ड, अभिभावक का मोबाइल नंबर, ब्लड ग्रुप की जानकारी अवश्य रखें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता की जा सके। बच्चों को स्कूल लाने व ले जाने वाले वाहन चालक, हेल्पर का नाम, पता व मोबाइल नंबर न केवल अपने पास रखें, बल्कि अभिभावकों के पास भी रहे। सनबीम स्कूल की प्रिसिंपल श्रीमती दीपाली मेहरोत्रा ने बताया कि आज के एक्सपोजर विजिट में अरिहंत कसौंधन, कृष्णा शुक्ला, आराध्य खेतान, परी अग्रवाल, सिद्धि गुप्ता, आदित तिवारी, विदित रस्तोगी, आर्यन मोदी, अभ्युदय मोदी, संस्कार मिश्रा, हिमांशु मिश्रा, कार्तिकेय भारती, सचिन भारती, अनमोल पाठक, विवेक तिवारी, कृतार्थ तिवारी, रितेश राहूजा, मणि पाण्डेय, साक्षी तिवारी, दीपांशी तिवारी, रणवीर प्रताप सिंह और उत्कर्ष शामिल रहे। उन्होंने बताया कि आज के भ्रमण से बच्चों का मनोबल बढ़ा है और उनमें कुछ नया करने की जागृति पैदा हुई है। इस मौके पर चाइल्ड लाइन के जिला समन्वयक आशीष मिश्रा भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : सड़क हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

अब इन स्थानों पर भी हो सकेगा ‘एक्सपोजर विजिट’
बताते चलें कि मिशन शक्ति के तहत स्कूल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यालय व थानों का भ्रमण कराकर पुलिसिंग के बारे में जानकारी दिए जाने का अभियान योगी सरकार में चलाया जा रहा है। हाल ही में शासन द्वारा एक नया आदेश जारी किया गया है, जिसमें अब न केवल पुलिस थाना और कार्यालय बल्कि जिलाधिकारी कार्यालय, विकास भवन, विकास खण्ड कार्यालय, बैंक, रेलवे स्टेशन, पोस्ट ऑफिस, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, अस्पताल, ऐतिहासिक स्थल या स्टेडियम जैसी जगहों पर ले जाया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों को यह जानकारी दी जाएगी कि यहां क्या काम होता है, यहां की कार्यप्रणाली क्या है? महानिदेशक स्कूल शिक्षा अनामिका सिंह द्वारा इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया है कि यह ‘एक्सपोजर विजिट’ तीन महीने में एक बार होगी। इसमें बच्चों को जो कुछ भी बताया जाएगा, उसका परीक्षण भी लेख, कहानी, चित्रकला या प्रश्नोत्तरी के माध्यम से किया जाएगा। इसका उद्देश्य है कि बच्चों का समाज का मूलभूत कांसेप्ट स्पष्ट रहे। उसे यह पता हो कि आसपास जो चीजें हैं, वहां क्या काम होता है और कैसे होता है। वहीं आगे चल कर उसे सामान्य जीवन में इसका लाभ मिलेगा और वह अपने अभिभावकों की मदद भी कर पाएगा। बता दें कि पहले ‘एक्सपोजर विजिट’ में लैंगिक समानता के तहत पहले सिर्फ बालिकाओं को ले जाया जाता था, लेकिन कोरोना काल के बाद अब इसमें बालक-बालिकाओं दोनों को ले जाने का नियम बना दिया गया है। अब इस कार्यक्रम के तहत बालकों को भी बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : 16 थाना प्रभारी बदले, SO धानेपुर लाइन हाजिर
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
