Friday, April 10, 2026
Homeखेलएएफसी चैंपियंस लीग 2022 के ड्रॉ की घोषणा, मुंबई सिटी एफसी ग्रुप...

एएफसी चैंपियंस लीग 2022 के ड्रॉ की घोषणा, मुंबई सिटी एफसी ग्रुप बी में

मुंबई(हि.स.)। एएफसी चैंपियंस लीग 2022 के लीग ग्रुप स्टेज के लिए सोमवार को मलेशिया के कुआलालंपुर में ड्रॉ निकाला गया। मुंबई सिटी एफसी को ग्रुप बी में रखा गया है। इस ग्रुप की अन्य टीमें अल जज़ीरा (यूएई), अल शबाब (केएसए) और एयर फ़ोर्स क्लब (आईआरक्यू) हैं।

इस टूर्नामेंट में 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार टीमों के 10 समूहों में बांटा गया है। 10 समूहों को दो वर्गों पश्चिम क्षेत्र (ए-ई) और पूर्वी क्षेत्र (एफ-जे) में बांटा गया है।

मुंबई सिटी एफसी ने इंडियन सुपर लीग 2020/21 में लीग विनर्स शील्ड जीतकर 2022 एएफसी चैंपियंस लीग के लिए क्वालीफाई किया है। मुंबई की टीम पहली बार पश्चिम क्षेत्र से एशिया की सबसे बड़ी क्लब फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। मुंबई सिटी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाला दूसरा भारतीय क्लब है।

इस सप्ताह की शुरुआत में एएफसी द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पश्चिम क्षेत्र के 2022 एएफसी चैंपियंस लीग ग्रुप चरण मैच 7 अप्रैल, 2022 से 27 अप्रैल, 2022 तक खेले जाएंगे,जिसमें स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए एक केंद्रीकृत स्थान पर डबल राउंड-रॉबिन मैच खेले जाएंगे। मुंबई के 2022 एएफसी चैंपियंस लीग ग्रुप स्टेज मैचों के तारीख और स्थान की घोषणा नियत समय पर की जाएगी।

मुंबई सिटी एफसी के मुख्य कोच डेस बकिंघम ने कहा,”हम टूर्नामेंट को लेकर उत्सुक है। हम हमेशा सर्वश्रेष्ठ के साथ प्रतिस्पर्धा करना चाहते हैं और एएफसी चैंपियंस लीग में भाग लेने से हमें ऐसा करने की अनुमति मिलती है। हमारा ध्यान अभी इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में अच्छा प्रदर्शन करने पर है और जब हम एएफसी चैंपियंस लीग में पहुंचेंगे, तो हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हम मुंबई का अच्छी तरह से प्रतिनिधित्व करें और एशियाई मंच पर भारतीय फुटबॉल का अच्छा प्रदर्शन करें।”

मुंबई सिटी एफसी के सीईओ कंदर्प चंद्रा ने कहा,”एशिया की प्रीमियर क्लब फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेना क्लब के लिए बहुत गर्व की बात है और हम 2022 एएफसी चैंपियंस लीग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हम प्रशंसकों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।”

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular