Saturday, March 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशऊर्जा मंत्री से मिले चेयरमैन अनवर क़ुरैशी, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने वाला...

ऊर्जा मंत्री से मिले चेयरमैन अनवर क़ुरैशी, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने वाला ज्ञापन सौंपा

औरैया (हि.स.)। अघोषित बिजली कटौती व लो वोल्टेज से नगरवासी जूझ रहे हैं। इसको लेकर लोगों में दिन-ओ-दिन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बिजली कटौती से नगर में पेयजल की आपूर्ति भी सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। इस समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष अनवर क़ुरैशी ने बुधवार लखनऊ में ऊर्जा मंत्री से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को ज्ञापन देकर बदहाल बिजली व्यवस्था सही कराए जाने की मांग की है।

फफूंद नगर पंचायत अध्यक्ष अनवर क़ुरैशी ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को दिए ज्ञापन में कहा है कि कस्बा फफूंद बहुत ही प्राचीन कस्बा है लेकिन काफी पिछड़ा होने के कारण विकास से दूर है। आपके संज्ञान में लाना चाहता हूं कि शासन के द्वारा शहरी क्षेत्रों में शेड्यूल के अनुसार चौबीस घंटे विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं लेकिन वर्तमान समय नगर पंचायत फफूंद में विद्युत आपूर्ति पूरे दिन में बमुश्किल छह घंटे से 10 घंटे ही आ रही है। उसमें भी दस-पंद्रह मिनट के बीच ट्रिपिंग एवं लो वोल्टेज की वजह से कस्बा परेशानियों का सामना कर रहा है और नगर में पेयजल समस्या उत्पन्न हो गयी है। ऊंचे मुहल्लों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है जिससे नगर की जनता नगर पंचायत के विरुद्ध आक्रोशित है।

अध्यक्ष कुरैशी ने ऊर्जा मंत्री को यह भी बताया कि संज्ञान में आया है कि नगर वासी कभी भी नगर पंचायत कार्यालय में प्रदर्शन कर सकते हैं जिससे अप्रिय घटना घट सकती है। उन्होंने सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की,ताकि नगर में भीषण गर्मी में पेयजल संकट न बने। उन्होंने यह भी बताया कि केशमपुर फीडर से चपटा फीडर हटाया जाए, इसी कारण लो वोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। मंत्री ने समस्या को दूर कराने का आश्वासन दिया।

सुनील /मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular