लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजलीकर्मी 16 मार्च से 72 घंटे के लिए हड़ताल पर जाएंगे। इससे पहले 15 मार्च को सुबह 10 बजे से कार्य बहिष्कार करेंगे। मुख्यमंत्री को पत्र भेजते हुए विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने ऊर्जा निगमों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले हुए बैठक में बिजली कर्मियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर तीन दिसंबर को ऊर्जा मंत्री की मौजूदगी में हुए समझौते का पालन नहीं होने का आरोप लगाया। इस दौरान तय किया गया कि यदि 16 मार्च तक मांगे पूरी नहीं हुई तो उसी रात 10 बजे से सभी ऊर्जा निगमों के बिजली कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर, संविदा कर्मी 72 घंटे की हड़ताल पर चले जाएंगे। ऐसे में किसी भी परिस्थिति का पूर्ण उत्तरदायित्व ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबंधन का होगा। इससे पहले कर्मचारी 14 मार्च को मशाल जुलूस निकालेंगे।
इसके बाद 15 मार्च को कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। बैठक के बाद पूरे मामले में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। बैठक में राजीव कुमार सिंह, जितेंद्र सिंह गुर्जर, जय प्रकाश, जीवी पटेल, मनीष कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।
उपेन्द्र
