आगरा (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में शामिल आगरा की नौ विधानसभा सीटों में होने जा रहे चुनाव के लिए गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने फतेहाबाद के बाद अब दक्षिण विधानसभा सीट पर अपना प्रत्याशी बदल दिया है। दूसरी और कांग्रेस ने दो और सीट पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।
आगरा विधानसभा सीटों के लिए नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आते ही जहां एक तरफ सभी पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा करने लगी है। वहीं कुछ अपने प्रत्याशियों को बदलने लगी हैं। समाजवादी पार्टी ने बुधवार को फतेहाबाद में राकेश शर्मा की टिकट काटकर रूपाली दीक्षित को प्रत्याशी बनाया था, तो आज समाजवादी पार्टी ने दक्षिण विधानसभा सीट से रिजवान कुरैशी प्रिंस का टिकट काटकर विनय अग्रवाल को टिकट दिया है।
कांग्रेस पार्टी पिछले बुधवार आगरा की नौ में से सात विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुकी थी। आज गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने बाकी बची दो सीटों पर भी अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने आगरा छावनी सीट से सिकंदर वाल्मीकि और फतेहपुर सीकरी से यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हेमंत चाहर को प्रत्याशी घोषित किया है।
श्रीकांत
