कृषि मंत्री ने की प्रदेशभर में उर्वरक उपलब्धता की समीक्षा
लखनऊ(हि.स.)। अपने खाद आवंटन प्लान के अनुसार शीघ्रता से जनपदों में खादों का रैक भेजना सुनिश्चित करें। यह आदेश कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दी। वे प्रदेश में उर्वरकों की आपूर्ति की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने जनपदों में काला बाजारी, अवैध भंडारण तथा अधिक दर पर बिक्री करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई करने के लिए जनपदीय प्रवर्तन अधिकारियों को भी निर्देशित किया।
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कृषि विभाग के अधिकारियों तथा समस्त उर्वरक विनिर्माता व प्रदायकर्ता कम्पनियों के प्रतिनिधियों से प्रदेश भर में उर्वरकों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि प्रदेश में 11 नवम्बर 2022 तक 14.31 लाख मी0टन यूरिया, 271 लाख मीटन डी०ए०पी०, 0.90 लाख मी0टन एन०पी०के०, 2.02 लाख मी0टन सिंगल सुपर फास्फेट उपलब्ध है।
कृषि मंत्री ने बताया कि कृषकों को बुवाई हेतु फास्फेटिक उर्वरकों यथा डी०ए०पी०, एन०पी० के० एवं सिंगल सुपर फास्फेट समस्त जनपदों में कृषकों की माँग के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। कालाबाजारी न होने पाये, इस पर नजर रखी जा रही है। लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।समीक्षा बैठक में सचिव (कृषि), उ०प्र० शासन कृषि निदेशक, उत्तर प्रदेश, संयुक्त कृषि निदेशक (उर्वरक एवं राज्य विपणन प्रबंधक, इफको, कृभको एन०एफ०एल० तथा मै० कोरामण्डल, इण्डोरामा, आर०सी०एफ० आई०पी०एल०, चम्बल उर्वरक कम्पनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपेन्द्र
