Wednesday, April 1, 2026
Homeखेलउम्मीद है कि बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए रोहित शर्मा...

उम्मीद है कि बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए रोहित शर्मा की वापसी होगी: केएल राहुल

चट्टोग्राम (हि.स.)। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया तैयार है, उद्घाटन मैच के लिए नवनियुक्त कप्तान केएल राहुल ने कहा कि भारत को अपने नियमित कप्तान रोहित शर्मा की कमी खलेगी और वे उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्दी ठीक हो जाएं और दूसरे टेस्ट के लिए वापस आएं।

दो मैचों की टेस्ट सीरीज 14 दिसंबर से शुरू होगी जबकि दूसरा टेस्ट 22 दिसंबर को मीरपुर में होगा। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा दूसरे मैच में उंगली की चोट के कारण बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय मैच में नहीं खेल पाए।

मुंबई में एक विशेष परामर्श के बाद, यह निर्णय लिया गया कि उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर रखा जाएगा, जो 14 दिसंबर से शुरू हो रहा है।

केएल राहुल उनकी अनुपस्थिति में टीम का नेतृत्व करेंगे, जबकि अनकैप्ड बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन उनकी जगह टीम में शामिल होंगे। 27 वर्षीय ईश्वरन ने अब तक 78 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसमें 45.33 की औसत से 5576 रन बनाए हैं।

केएल राहुल ने सोमवार को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “रोहित शर्मा हमारे लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं और हमारी टीम के कप्तान हैं इसलिए हमें उनकी कमी खलेगी। भारत को एक कप्तान और बल्लेबाज के रूप में रोहित शर्मा की कमी खलेगी, हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्दी ठीक हो जाए और दूसरे टेस्ट के लिए टीम में वापसी करें।”

पूर्व कप्तान विराट कोहली का बांग्लादेश के खिलाफ जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में खेला गया तीसरा एकदिनी मैच यादगार रहा। कोहली ने इस मैच में अगस्त 2019 के बाद अपना पहला एकदिवसीय शतक लगाया, जो 50 ओवर के प्रारूप में उनका 44वां शतक था। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पोंटिंग को भी पीछे छोड़ दिया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। पोंटिंग के नाम 71 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं, जबकि कोहली के 72 शतक हो गए हैं।

राहुल ने कहा, “बांग्लादेश के खिलाफ विराट कोहली के शतक से उन्हें टेस्ट मैच में आत्मविश्वास मिलेगा। वह इतने लंबे समय से टीम में हैं और वह काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं।”

लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट खेलने के बारे में बात करते हुए राहुल ने कहा, “आपको अपने बेसिक्स पर वापस जाने की कोशिश करनी होगी। मुझे लगता है कि एक टीम के रूप में हमने काफी टेस्ट मैच खेले हैं और यह केवल खुद को और एक-दूसरे को याद दिलाने के बारे में है कि क्या काम आया।”

उन्होंने कहा, “हर बार जब हम अलग-अलग प्रारूपों में खेले तो यह एक चुनौती थी, प्रत्येक खिलाड़ी का दिमाग काफी अलग होती है और यह महत्वपूर्ण है कि खिलाड़ियों का समर्थन किया जाए और उन्हें अपने निर्णय लेने दिए जाएं। हम जानते हैं कि प्रत्येक खिलाड़ी हर दिन अपने देश के लिए खेलेगा। यह वास्तव में हमारे लिए महत्वपूर्ण है कि हम अपने क्रिकेट का आनंद लें और वास्तव में ज्यादा न सोचें।”

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular