Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउमरे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 57 रेलकर्मी पुरस्कृत

उमरे में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 57 रेलकर्मी पुरस्कृत

प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) उत्तर मध्य रेलवे शरद मेहता की अध्यक्षता में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 57 रेलकर्मियों को पुरस्कृत कर प्रशस्ति पत्र दिये गए।

मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण ने कहा कि इस वर्ष निर्माण संगठन के अधिकारियों-कर्मचारियों को जिन्होनें संगठन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में या अपने अभिनव विचारों या प्रणाली सुधार से संगठन के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है, को उनकी उपलब्धियों के लिए रेलवे बोर्ड एवं महाप्रबंधक स्तर पर पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमने अब तक की सबसे बढ़िया दोहरीकरण और तीसरी व चौथी लाइनों के सेक्शनों को चालू कर सफलता दर्ज की है। हमने बरहन-ऐटा सेक्शन के विद्युतीकरण को भी पूर्ण किया और कई महत्वपूर्ण रेल उपरिगामी पुलों तथा अंडर ब्रिज और यार्ड रिमॉडलिंग के कार्यों को पूर्ण किया है। इस वर्ष के अप्रैल, मई माह में निर्माण विभाग ने दो महत्वपूर्ण कमीशनिंग तथा एक मेजर यार्ड की रिमॉडलिंग करने में सफलता पाई है। इन सभी उपलब्धियों के लिए उन्होंने सभी को बधाई दी।

कार्यक्रम का संचालन आर.पी.वर्मा एएक्सईएन निर्माण व धन्यवाद ज्ञापन मुकेश कुमार कुलश्रेष्ठ, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी ने किया। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान ए.पी शर्मा प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, संतोष शुक्ला, नरेन्द्र सिंह, ए.के सिंह, सौरभ सिंह पटेल सभी मुख्य इंजीनियर, एन.के वर्मा मुख्य सिगनल व दूरसंचार इंजीनियर, डी.वी सिंह मुख्य विद्युत इंजीनियर, चंदन वर्मा मुख्य वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखा अधिकारी सहित उप विभागाध्यक्षों में जीतेन्द्र कुमार, एस.एस सिंह, आर.के जैन, प्रमोद कुमार, बी श्रीधर एवं निर्माण संगठन के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular