Friday, February 13, 2026
Homeमंडलबस्ती मंडलउफनाई सरयू में नाव पलटी, आठ महिलाएं बाल-बाल बचीं

उफनाई सरयू में नाव पलटी, आठ महिलाएं बाल-बाल बचीं

संवाददाता

बस्ती। जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के बाढ़ के पानी से घिरे गांव सुविखा बाबू से पशुओं के लिए चारा काट कर लौट रहे ग्रामीणों की नाव शुक्रवार को अचानक पलट गई। नाव पर सवार आठ किशोरियां व महिलाएं पानी में डूबने लगीं। गनीमत रहा कि नाव सवार पर दो युवक बखूबी तैरना जानते थे। अन्य लोगों की मदद से दोनों ने सभी को सुरक्षित बचा लिया।
उफनाई सरयू नदी से बनी बाढ़ की स्थिति में सूविखा बाबू गांव पानी से घिर गया है। शुक्रवार की दोपहर ग्रामीण पशुओं के लिए हरे चारे की तलाश में नाव से तटबंध पर गए थे। चारा काटने के बाद करीब एक दर्जन लोग नाव से घर लौट रहे थे। अचानक तेज हवा के कारण पानी में नाव पलट गई। नाव में सवार लोग डूबने लगे। तभी नाव में ही सवार तैराक रवि (18) और संजय (20) ने पानी में डूब रही कुमकुम (16), खुशबू (15), प्रीति (14), पूजा (16), शीला देवी (36), लालमती (40), सविता (36) और लखपता (42) को डूबने से बचा लिया और सुरक्षित बाहर निकाला। शीला, लालमती, सविता व लखपता पानी पी लेने के कारण अचेत हो गई। हालांकि थोड़ी ही देर में सबको होश आ गया। इसके बाद सभी लोगों को गांव के ही रामनाथ दूसरी नाव पर बैठा कर सुरक्षित वापस लेकर आए।

RELATED ARTICLES

Most Popular