गाजियाबाद (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बातचीत की। पाठक ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को रेफर न किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने सोमवार को संयुक्त अस्पताल पहुंचकर सबसे पहले ओपीडी का जायजा लिया। ओपीडी से चिकित्सक राहुल वर्मा के अनुपस्थित मिलने पर नाराजगी जतायी। इस दौरान अस्पताल की सफाई में कमियां मिलने पर इसे सुधारने को कहा है।
इस दौरान पत्रकारों ने उपमुख्यमंत्री से सवाल किया कि क्या उन्हें इस बात की जानकारी है कि अस्पताल परिसर में ट्रामा सेंटर बनाया गया है लेकिन लंबे समय बाद भी विशेषज्ञों की तैनाती नहीं की गई है, परिणाम स्वरूप हादसे के दौरान घायलों को अन्य जगह पर रेफर किया जाता है। इस पर उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आदेशित किया कि साक्षात्कार के माध्यम से विशेषज्ञ तैनात किए जाए। मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराएं, उनको रेफर न करें।
ग्रामीण अंचलों में संक्रामक रोग फैलने के मामले में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द बीमारी पर नियंत्रण कर लिया जाएगा। कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि कानून के साथ किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। इसका उदाहरण छात्रा के साथ लूटपाट करने वाले अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया।
फरमान/दीपक/दिलीप
